* अमनमणि त्रिपाठी जो उत्तर प्रदेश के लखनऊ से चले थे वह कैसे लॉकडाउन के बीच पूरा उत्तर प्रदेश पार करते हुए उत्तराखंड की सीमा में प्रवेश कर गए। हरिद्वार जिले से होते हुए वे कैसे रुद्रप्रयाग, टिहरी जिले और चमोली जिले के कर्णप्रयाग पहुंच गए।
(ब्यूरो ,न्यूज़ 1 हिन्दुस्तान )
देहरादून /हरिद्वार /बिजनौर । उत्तर प्रदेश के विधायक अमनमणि त्रिपाठी का उत्तराखंड में लॉकडाउन उल्लंघन का मामला गरमाता जा रहा है। इस मामले पर अधिकारी कुछ भी कहने के बचते हुए नजर आ रहे हैं। इस बारे में जब अपर मुख्य सचिव ओम प्रकाश से बात करनी चाही तो उन्होंने नो कमेंट कहकर मामले से पल्ला झाड़ दिया। वही बिजनौर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारी उनकी उत्तराखंड यात्रा से उठे विवाद के बाद हुई है।
अपर मुख्य सचिव ओम प्रकाश की अनुमति के बाद देहरादून जिला प्रशासन ने विधायक त्रिपाठी को बदरीनाथ-केदारनाथ जाने की अनुमति दी थी। उत्तर प्रदेश के निर्दलीय विधायक अमनमणि त्रिपाठी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता के श्राद्ध की बात कहकर बदरीनाथ जाना चाह रहे थे, लेकिन इस बीच कर्णप्रयाग में प्रशासन ने उन्हें रोक लिया और उनके खिलाफ कार्रवाई भी की। इस दौरान विधायक त्रिपाठी के साथ 10 और लोग भी मौजूद थे। विधायक त्रिपाठी को बदरीनाथ जाने के दो पास मिले थे। ये दोनों पास देहरादून जिला प्रशासन और शासन से अपर मुख्य सचिव की अनुमति के बाद मिले थे। लॉकडाउन के दौरान अमनमणि को कैसे बदरीनाथ जाने का पास दे दिया गया जबकि बदरीनाथ के कपाट अबतक खुले भी नहीं हैं। ये ही नहीं, विधायक त्रिपाठी के साथ 10 अन्य लोगों को शासन और प्रशासन ने कैसे अनुमति दे दी। इसको लेकर जब पास जारी करने वाले अपर मुख्य सचिव ओमप्रकाश से बात करनी चाही तो उन्होंने इस मामले पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है। सवाल यह भी खड़ा होता है कि अमनमणि त्रिपाठी जो उत्तर प्रदेश के लखनऊ से चले थे वह कैसे लॉकडाउन के बीच पूरा उत्तर प्रदेश पार करते हुए उत्तराखंड की सीमा में प्रवेश कर गए।
हरिद्वार जिले से होते हुए वे कैसे रुद्रप्रयाग, टिहरी जिले और चमोली जिले के कर्णप्रयाग पहुंच गए। इतने लंबे रास्ते में उन्हें किसी ने रोका क्यों नहीं। लेकिन इनमें से किसी भी सवाल का जवाब अपर मुख्य सचिव ओमप्रकाश के पास नहीं है। उधर, योगी आदित्यनाथ के भाई महेंद्र सिंह बिष्ट ने पूरे प्रकरण पर कहा है कि अमनमणि कौन होते हैं उनके पिता का श्राद्ध करने वाले। उनको अनुमति देना किसी भी तरह से सही नहीं है। उत्तर प्रदेश के चर्चित निर्दलीय विधायक अमनमणि त्रिपाठी को पुलिस ने उनके 7 समर्थकों समेत गिरफ्तार कर लिया है। उनकी गिरफ्तारी बिजनौर जिले में की गई। उनके खिलाफ पुलिस ने महामारी एक्ट समेत आईपीसी की कई धाराओं के तहत कार्रवाई की है। दरअसल, ये गिरफ्तारी उनकी उत्तराखंड यात्रा से उठे विवाद के बाद हुई है। आपको बता दें कि विधायक अमनमणि त्रिपाठी के खिलाफ उत्तराखंड के टिहरी जिले में मुकदमा दर्ज किया गया है।जबकि हरिद्वार कोतवाली पुलिस ने उनके दोनों गाड़ियों का चलन किया था। उन पर लॉकडाउन का उल्लंघन करने का आरोप है। खास बात है कि नियमों की अनदेखी सीएम योगी आदित्यनाथ के पिता स्वर्गीय आनंद सिंह बिष्ट के पितृ कार्य के नाम पर की गई थी।