( ब्यूरो ,न्यूज़ 1 हिन्दुस्तान )
पटना। बिहार की राजधानी पटना में गुरुवार को दिनदहाड़े एक शख्स ने पत्नी और बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी है। इसके बाद उसने खुद को भी गोली से उड़ा लिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। मामला गर्दनीबाग थाना के पुलिस कॉलोनी की है। यहां बेगूसराय के रहने वाले राजीव कुमार ने अपनी पत्नी और बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद खुदकुशी कर ली। जैसे ही गोली की आवाज सुनी तो लोग बाहर आ गए। उन्होंने देखा तो सड़क पर तीन लाशें पड़ी थीं। जिसके बाद वहां सनसनी फैल गई।
क्या है पूरा मामला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबकि गुरुवार दोपहर करीब 12 बजकर 20 मिनट बजे होंगे। तभी एक-एक कर तीन बार गोलियां चलने की आवाज आई। यह घटना पुलिस कॉलोनी के ब्लॉक ए में घटी। इसके बाद लोग अपने घरों से बाहर निकले तो सड़क किनारे तीन लाशें दिखीं। खून सड़क पर बह रहा था। लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। चूंकि यहां कई पुलिस अफसरों के घर हैं, इसलिए इस घटना से हड़कंप मच गया।
हत्या के पीछे की वजह
जानकारी के मुताबिक राजीव कुमार बेरोजगार था। उसकी पहली पत्नी की मौत हो चुकी है। पत्नी की मौत के बाद उसने अपनी साली प्रियंका भारती से शादी की थी। कुछ दिन बाद ही दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद प्रियंका ने दूसरी शादी कर ली। प्रियंका सचिवालय में जॉब करती थी। वह और उसकी बेटी सारा उर्फ संस्कृति भारती अपनी मां शशि प्रभा के साथ रहती थी। लेकिन राजीव चाहता था कि उसकी बेटी उसके साथ बेगूसराय में रहे। इसी को लेकर दोनों के बीच काफी दिन से मनमुटाव भी था। बताया जा रहा है कि इसी वजह से उसने ऐसा कदम उठा लिया।
पुलिस जांच में जुटी
इधर, सूचना के बाद पटना एसएसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो मौके पर पहुंच गए। FSL टीम को मौके पर बुलाया गया। पुलिस इस मामले के एक-एक पहलू की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि राजीव की बेटी सारा, पत्नी प्रियंका और सास एक शादी में शामिल होने गई थीं। राजीव को इसकी जानकारी थी, इसीलिए वह उनके घर लौटने से पहले ही इंतजार कर रहा था और जब तीनों वहां पहुंची तो उसने पत्नी और बेटी को गोली मार दी।

सुरक्षित रहें , स्वस्थ रहें
Stay Safe , Stay Healthy
COVID मानदंडों का पालन करें जैसे मास्क पहनना, हाथ की स्वच्छता बनाए रखना और भीड़-भाड़ वाली जगहों से बचना आदि।