( ब्यूरो ,न्यूज़ 1 हिन्दुस्तान )
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। मुंडका निवासी एक शख्स ने देर रात दिल्ली पुलिस को कॉल करके अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की ये धमकी दी। हालांकि अभी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, आरोपी शख्स मुंडका का रहने वाला है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की मानसिक हालत ठीक नहीं है। इस वजह से अभी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। आरोपी का नाम जय प्रकाश बताया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी का दिमागी इलाज जल रहा है। उसने सोमवार की रात 12.05 बजे पीसीआर कॉल कर अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद दिल्ली पुलिस एक्शन में आई और कॉल डिटेल्स के जरिये आरोपी तक पहुंची। आरोपी का दिल्ली के गुलाबी बाग में एक डॉक्टर के पास इलाज चल रहा है।