( ब्यूरो ,न्यूज़ 1 हिन्दुस्तान )
ऋषिकेश। उत्तर प्रदेश सीएम योगी आदित्यनाथ के पिता स्व ० आनंद सिंह बिष्ट का ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला के पास फूलचट्टी गंगा के तट पर अंतिम संस्कार किया गया। उनके बड़े बेटे मानवेन्द्र सिंह बिष्ट ने पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी। इस मौके पर उत्तराखण्ड के सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उनके पुष्प चक्र चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी।
इस मौके पर उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, धन सिंह रावत, गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत, भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री अजेय, उत्तर प्रदेश के एडिशनल रेजिडेंट कमिश्नर सौम्य श्रीवास्तव, योगी आदित्यनाथ के ओएसडी राज भूषण सिंह रावत, स्वामी रामदेव, स्वामी चिदानंद ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
ज्येष्ठ पुत्र मानवेंद्र सिंह बिष्ट ने पिता की चिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान उनके पुत्र शैलेन्द्र सिंह व कनिष्ठ पुत्र महेंद्र सिंह सहित परिवार व गांव के निर्धारित लोग मौजूद थे। इस दौरान योगी आदित्यनाथ मौजूद नहीं थे। उन्होंने कल ही इस बात का पत्र अपने परिजनों लिख कर सूचित कर दिया था।आपको बता दे कि स्व ० आनंद सिंह बिष्ट के चार पुत्र है जिनमे यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ दूसरे नंबर के पुत्र है। सबसे बड़े पुत्र मानवेंद्र सिंह है। दूसरे नंबर पर योगी आदित्यनाथ (अजय मोहन सिंह बिष्ट) हैं। तीसरे बेटे शैलेंद्र सिंह भारतीय सेना में सूबेदार हैं और चौथे एवं सबसे छोटे पुत्र महेंद्र सिंह बिष्ट पत्रकारिता में है।