Crime Haridwar Medical Roorkee Slider Uttarakhand

हरिद्वार में कुट्टू का आटा खाने से 100 से अधिक लोग बीमार,प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। आखिर कहां ? टैब कर पढ़े 

Spread the love

( ब्यूरो ,न्यूज़ 1 हिन्दुस्तान )
रुड़की।
रुड़की शहर और आसपास के देहात क्षेत्रों में नवरात्र का व्रत रखने वाले 100 से अधिक लोग शनिवार रात कुट्टू का आटा खाकर बीमार हो गए। अचानक तेज चक्कर, सिरदर्द और उल्टी की शिकायत लेकर लोग अस्पतालों की ओर दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग में हड़कंप मच गया।
रात में बीमार लोगों से जानकारी लेकर उस थोक दुकान को तलाशा गया, जहां से अधिकांश लोगों को आटा सप्लाई हुआ था। सुबह विभाग की टीम ने दुकान पहुंचकर साढ़े चार कुंतल आटे को जब्त कर गंगनहर में नष्ट करा दिया। साथ ही रुड़की, भगवानपुर, मंगलौर, बहादराबाद, बेड़पुर से आटे के छह सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। प्रशासन का कहना है कि दोपहर तक आधे से अधिक लोगों को छुट्टी दे दी गई। गनीमत यह है कि किसी की भी हालत ज्यादा गंभीर नहीं है। शनिवार को पहले नवरात्र पर व्रत रखने वाले कई लोगों ने रात में कुट्टू के आटे की पकौड़ी, रोटी और पूरी खाई थी। बताया जाता है कि इसके बाद शहर से लेकर देहात तक 100 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ गई।

रात करीब एक बजे लोग अस्पतालों का रुख करने लगे। रुड़की में कई निजी अस्पतालों में डॉक्टर नहीं मिले तो कुछ बंद थे। इसके चलते मरीजों को काफी दौड़ लगानी पड़ी। बीती देर रात तक सिविल अस्पताल, विनय विशाल नर्सिंग होम, भटनागर नर्सिंग होम, सिटी हॉस्पिटल समेत विभिन्न अस्पतालों में करीब 60 लोग भर्ती हुए जबकि घरों में भी बड़ी संख्या में लोग दवा ले रहे हैं। उधर, लंढौरा, भगवानपुर और मंगलौर में भी निजी नर्सिंग होम में कई लोग भर्ती हुए हैं। मरीजों ने बताया कि कुट्टू का आटा खाने के बाद उन्हें शरीर में कंपन, उल्टी, चक्कर और सिरदर्द की शिकायत हुई। बड़ी संख्या में एक जैसी शिकायत लेकर मरीजों के पहुंचने पर सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. संजय कंसल रात में अस्पताल पहुंचे। बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने की सूचना मिली तो प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस की सूचना पर सुबह नौ बजे ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नमामी बंसल ने अस्पतालों में पहुंचकर मरीजों से जानकारी ली। उनसे यह भी पूछा गया कि कहां से आटा खरीदा था। इसके बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार गंगनहर पुलिस के साथ रुड़की स्थित अनाज मंडी में थोक दुकान पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि यहां से साढ़े चार कुंतल आटे को कब्जे में लेकर गंगनहर में बहा दिया गया। आटे के छह सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। सीएमओ डॉ. एसके झा ने बताया कि अस्पतालों में भर्ती अधिकांश लोगों को छुट्टी दे दी गई है।   

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *