( ज्ञान प्रकाश पाण्डेय )
हरिद्वार। भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने स्वयं के हरिद्वार विधानसभा से चुनाव लड़ने की सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं का खंडन किया है। उन्होंने कहा है कि पार्टी हाईकमान ने उन्हें जिलाध्यक्ष के रूप में हरिद्वार जिले की पांच विधानसभाओं का गुरुत्तर दायित्व सोंप रखा है और वह अपनी जिम्मेदारियों में व्यस्त हैं।
ज्ञात रहे कि पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा के हरिद्वार विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की तैयारियों की चर्चा है। ‘News 1 hindustan‘ से बात करते हुए आशुतोष शर्मा ने कहा सोशल मीडिया की हर चर्चा पर टिप्पणी किया जाना संभव नहीं। उन्होंने कहा भाजपा एक दूरदर्शी पार्टी है।जो समय आने पर किसी का भी कहीं सदुपयोग कर सकती है लेकिन यह सब पार्टी हाईकमान ही तय करता है। उन्होंने कहा कि फिलहाल वह 2027 चुनाव में अपने क्षेत्र की सभी विधानसभाओं में पार्टी की विजय सुनिश्चित करने की तैयारियों में व्यस्त हैं।




