*सभी गैस एजेंसियों पर नोडल अधिकारी नामित कर निगरानी रखने के दिए निर्देश।
*जनपद में किसी भी दशा में ब्लैक न हो एलपीजी गैस सिलेंडर।
*सभी उप जिलाधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों को अपने अपने क्षेत्रों में गैस एजेंसियों की मॉन्ट्रिग करने के दिए निर्देश।
*उपभोक्ता एलपीजी गैस की समस्या को लेकर कंट्रोल रूम के नंबर 01334-239444, (टोल फ्री 01334-1077) , मोबाइल नंबर 9068197350 पर कर सकते है संपर्क।
( ब्यूरो, न्यूज़ 1 हिन्दुस्तान )
हरिद्वार। जनपद में एलपीजी गैस सिलेंडरों की सुचारू आपूर्ति एवं उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों,उपजिलाधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर जिला पूर्ति अधिकारी से एलपीजी गैस के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने जिलाधिकारी को अवगत कराया है कि जनपद में 42 गैस एजेंसी संचालित हो रही है जिनके द्वारा एलपीजी गैस सप्लाई की जा रही हैं तथा गैस वर्तमान समय में गैस की कोई किल्लत नहीं है, किंतु ऑनलाइन सिस्टम बाधित होने के चलते उपभोक्ताओं को ओ टी पी उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जिसके कारण ऑनलाइन बुकिंग करने उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है, जिस कारण गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़ हो रही है। इसके लिए विभाग की ओर से उपभोक्ताओं को एल पी जी गैस के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।

बैठक में जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में एलपीजी गैस की आपूर्ति नियमित और पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी स्तर पर कालाबाजारी या अनियमितता की शिकायत नहीं आनी चाहिए।जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में किसी भी दशा में एलपीजी गैस सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए सभी गैस एजेंसियों पर नोडल अधिकारियों को नामित कर नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि नामित नोडल अधिकारी समय-समय पर गैस एजेंसियों का निरीक्षण करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि उपभोक्ताओं को निर्धारित दरों पर ही गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित गैस एजेंसियों की नियमित मॉनिटरिंग करें। यदि कहीं भी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, अनियमित वितरण या उपभोक्ताओं से अधिक धनराशि वसूलने की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता को एलपीजी गैस सिलेंडर से संबंधित कोई समस्या आती है, जैसे कि समय पर सिलेंडर न मिलना, अधिक कीमत वसूली या अन्य किसी प्रकार की शिकायत, तो वे कंट्रोल रूम के नंबर 01334-239444, (टोल फ्री 01334-1077) , मोबाइल नंबर 9068197350 पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए।

बैठक मे जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि एलपीजी गैस की आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए नियमित रूप से समीक्षा और निरीक्षण किया जाए, ताकि जनपदवासियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र, सचिव एचआरडीए मनीष कुमार, उपजिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, जिला विकास अधिकारी वेदप्रकाश, सहायक परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल एवं खंड विकास अधिकारी समेत संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
*जनपद में एलपीजी गैस की जमाखोरी एवं कालाबाजारी एवं किसी भी समस्या के समाधान के लिए जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम किया स्थापित
जनपद में एलपीजी गैस की जमाखोरी एवं कालाबाजारी रोकने एवं किसी भी समस्या के समाधान के लिए जिलाधिकारी ने जिला आपदा प्रबंधन केंद्र में कंट्रोल रूप स्थापित किया है।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने आदेश निर्गत करते हुए कहा कि भारत सरकार द्वारा आवश्यक वस्तु अधिनियम के अन्तर्गत प्राकृतिक गैस आपूर्ति विनिमय आदेश 2026 का अनुपालन सुनिश्चित किये जाने हेतु दिनांक 13-03-2026 से प्राकृतिक गैस, घरेलू पी०एन०जी० तथा सी०एन०जी० का समान वितरण एवं निरन्तर उपलब्धता तथा किसी भी व्यक्ति या संस्था द्वारा प्राकृतिक गैस, एल०पी०जी० या सी०एन०जी० की जमाखोरी अथवा कालाबाजारी की शिकायत, समस्या के समाधान हेतु जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र (DEOC) हरिद्वार में तत्काल प्रभाव से कन्ट्रोल रूम स्थापित किया गया है।

कन्ट्रोल रूम में के सुचारू संचालन हेतु अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), हरिद्वार को नोडल अधिकारी तथा जिला पूर्ति अधिकारी व जिला आपदा प्रबन्धन अधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी नामित किया गया है। कन्ट्रोल रूम के दूरभाष नम्बर निम्नवत है :-
दूरभाष नम्बर 01334-239444
दूरभाष नम्बर। 01334-1077 (टोल-फ्री)
मोबाइल नम्बर। 9068197350
मोबाइल नम्बर 9528250926 (व्हाट्सएप)।
उन्होंने कन्ट्रोल रूम में आई०ओ०सी०एल०, से नामित नोडल अधिकारी मो0- 8859049049 बी०पी०सी०एल० से नामित नोडल अधिकारी मो0- 7500256452 व एच०पी०सी०एल० से नामित नोडिल अधिकारी मो – 8655436284 अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने समस्त नामित नोडल अधिकारियों निर्धारित प्रारूप में सूचना के साथ दिनांक 13.03.2026 से आपदा कन्ट्रोल रूम में गैस आपूर्ति/वितरण विषयक अद्यतन सूचना उपलब्ध कराते हुए दर्ज समस्याओं का त्वरित निस्तारण करना सुनिश्चित करेंगे ताकि गैस की कालाबाजारी, अवैध संग्रहण तथा रिफिलिंग आदि के सम्बन्ध में सामान्य जनमानस में आपूर्ति से सम्बन्धी किसी भी प्रकार का भय अथवा संशय उत्पन्न न हो।






