( ब्यूरो ,न्यूज़ 1 हिन्दुस्तान )
देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में मानसून एक बार फिर कहर ढाने के लिए तैयार है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार प्रदेशभर में अगले चार दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर बना रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र निदेशक के अनुसार 4 से 9 अगस्त तक भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है। देहरादून जिले के पर्वतीय इलाकों में सतर्क रहने की सलाह दी गई है। बागेश्वर और देहरादून जैसे जिलों में अगले 24 घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से नदी नालों के किनारे न जाने, पहाड़ों पर अनावश्यक यात्रा न करने और मौसम की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

17 अति संवेदनशील लैंडस्लाइड जोन
देहरादून में लगातार हो रही बारिश के बीच भूस्खलन और सड़कें बाधित होने की घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। खासतौर पर जौनसार-बावर की लाइफलाइन कालसी–चकराता मोटर मार्ग पर डेंजर जोन जजरेड जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में प्रशासन की विशेष निगरानी जारी है। जिलाधिकारी आशीष चौहान ने बताया कि जिले के 17 अति संवेदनशील लैंडस्लाइड जोन चिन्हित किए गए हैं, जहां चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है। सड़कों को जल्द से जल्द खोलने के लिए पूरे जनपद में 66 जेसीबी मशीनें तैनात की गई हैं । सोमवार सुबह बारिश और मलबा आने से बंद हुई पांच प्रमुख सड़कों में से अधिकांश को यातायात के लिए खोल दिया गया, जिसमें डेंजर जोन जजरेड क्षेत्र में बाधित कालसी–चकराता मार्ग भी सुचारू कर दिया गया। प्रशासन का कहना है कि मानसून के दौरान किसी भी आपदा से निपटने के लिए सभी विभाग पूरी तरह तैयार है।

कर्णप्रयाग से कटे कपीरी पट्टी के गांव
चमोली में लगातार बारिश के बीच कर्णप्रयाग–नैनीसैंन मोटर मार्ग पर रविवार को हुए भारी भूस्खलन की भयावह तस्वीरें और वीडियो अब सामने आए हैं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा अचानक टूटकर सड़क पर आ गिरा। गनीमत यह रही कि मलबा गिरते समय वहां से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था। भूस्खलन के कारण मार्ग पर भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर आ गए हैं, जिससे यातायात पूरी तरह ठप है। भूस्खलन से कपीरी पट्टी के दर्जनों गांवों का संपर्क मुख्य बाजार कर्णप्रयाग से कट गया है। लोक निर्माण विभाग की टीम जेसीबी के साथ मलबा हटाने में जुटी है, लेकिन लगातार हो रहे छोटे-छोटे भूस्खलनों के कारण काम में दिक्कत आ रही है।
गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर धंसने लगी सड़क
उत्तरकाशी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर भटवाड़ी ब्लॉक के चढ़ेथी से आगे पापड़ गाड़ क्षेत्र में सड़क एक बार फिर धंसने लगी है। करीब 70 मीटर हिस्से में लगातार दरारें बढ़ रही हैं, जिससे किसी भी समय हाईवे बंद होने का खतरा पैदा हो गया है। फिलहाल छोटे वाहन निकल रहे हैं, जबकि भारी वाहनों की आवाजाही प्रभावित है। 2025 की आपदा में इसी स्थान पर सड़क बह गई थी, जिसके बाद बीआरओ ने पुनर्निर्माण कराया था।



