( ज्ञान प्रकाश पाण्डेय )
उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में अब आम श्रद्धालुओं को कम भीड़ वाले समय में विशेष स्लॉट के जरिए सुविधाजनक दर्शन कराने की तैयारी की जा रही है।
मंदिर समिति के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मंदिर समिति प्रायोगिक तौर पर ऐसी समयावधियां तय करेगी, जब मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या अपेक्षाकृत कम रहती है। इन स्लॉट की ऑनलाइन बुकिंग मंदिर की वेबसाइट के माध्यम से की जा सकेगी।

बुकिंग करने वाले श्रद्धालुओं को निर्धारित समय पर लंबी कतार के बजाय अलग और छोटे मार्ग से प्रवेश देने की योजना है। फिलहाल व्यवस्था का प्रारूप तैयार किया जा रहा है और अलग-अलग स्लॉट में कितने श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया जा सकेगा, इसका आकलन किया जाएगा।
यदि प्रयोग सफल रहा तो इस व्यवस्था को स्थायी रूप दिया जा सकता है। मंदिर समिति का उद्देश्य सामान्य दिनों में श्रद्धालुओं को बेहतर दर्शन सुविधा देने के साथ-साथ उज्जैन के होटल, भोजनालय, परिवहन और अन्य स्थानीय कारोबार को वर्षभर बढ़ावा देना भी है।


