* डाट काली से गढ़ी कैंट तक तैयारियों की गहन समीक्षा, सुरक्षा–यातायात एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर दिए गए निर्देश।
( ज्ञान प्रकाश पाण्डेय )देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ एवं शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उत्तराखण्ड दौरे की तैयारियों को लेकर कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।
मुख्य सचिव एवं पुलिस महानिदेशक ने डाट काली मंदिर से महिंद्रा ग्राउंड, गढ़ी कैंट तक तैयारियों को परखा। मुख्य सचिव ने सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था को पीएम दौरे के दौरान सुचारू रूप से संचालित किए जाने हेतु ठोस कार्ययोजना तैयार किए जाने की बात कही।




मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन एवं पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रधानमंत्री के प्रस्तावित उत्तराखण्ड भ्रमण के दृष्टिगत सम्पूर्ण रूट एवं कार्यक्रम स्थल का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डाट काली मंदिर से महिंद्रा ग्राउंड, गढ़ी कैंट तक समस्त व्यवस्थाओं का सूक्ष्मता से जायजा लिया गया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं भीड़ नियंत्रण के प्रत्येक पहलू की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट, समयबद्ध एवं समन्वित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।




मीडिया से अनौपचारिक वार्ता के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे के बनने से एक ओर दिल्ली – एनसीआर से देहरादून पहुँचने का समय कम होगा। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, चारधाम यात्रा के लिए कनेक्टिविटी में सुधार होगा, वहीं दूसरी ओर इससे आर्थिक गतिविधियों को भी बूस्ट मिलेगा।
इस अवसर पर मुख्य सचिव डाट काली मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय,आईजी गढ़वाल राजीव स्वरुप, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोभाल,एसएसपी एसटीएफ अजय कुमार एवं नगर आयुक्त श्रीमती नमामी बंसल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।



