( ब्यूरो ,न्यूज़ 1 हिन्दुस्तान )
नई दिल्ली। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने साल 2026 की सिविल सेवा परीक्षा और भारतीय वन सेवा परीक्षा के लिए ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। प्रशासनिक सेवाओं में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह एक बड़ा मौका है। इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए आईएएस, आईपीएस, आईएफएस समेत कई केंद्रीय सेवाओं में अधिकारियों का चयन होगा। कुल 933 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित तारीख तक फॉर्म भर सकते हैं। आयोग ने आवेदन, एज लिमिट, अटेंप्ट और एग्जाम सेंटर से जुड़े सभी जरूरी निर्देश भी जारी किए हैं।
आवेदन जमा करने की आखिरी तारीख कब है?
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 4 फरवरी 2026 से शुरू हो गई है। उम्मीदवार यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट upsconline.nic.in पर जाकर फॉर्म भर सकते हैं। आवेदन जमा करने की आखिरी तारीख 24 फरवरी 2026 शाम 6 बजे तक तय की गई है। आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि अंतिम दिनों की भीड़ से बचने के लिए पहले ही आवेदन पूरा कर लें।
पदों का बंटवारा और आरक्षण
घोषित कुल पदों में से करीब 35 सीटें दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए आरक्षित रखी गई हैं। चयनित उम्मीदवारों को विभिन्न केंद्रीय सेवाओं और विभागों में अधिकारी पद पर नियुक्त किया जाएगा। रिजर्वेशन का लाभ सरकारी नियमों के अनुसार दिया जाएगा।
योग्यता और आयु सीमा
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएट डिग्री होना जरूरी है। जो छात्र फाइनल ईयर में हैं, वो भी प्रिलम्स एग्जाम के लिए अप्लाई कर सकते हैं। एज लिमिट की बात करें तो यह 21 से 32 वर्ष रखी गई है, जिसकी काउंटिंग 1 अगस्त 2026 से होगी. OBC कैटेगरी के कैंडिडेट्स को 3 साल और SC/ST कैंडिडेट्स को 5 साल की छूट मिलेगी।
अटेंप्ट की अधिकतम संख्या
जनरल कैटेगरी के उम्मीदवार 6 बार परीक्षा दे सकते हैं। ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग को 9 प्रयास मिलेंगे. एससी/एसटी अभ्यर्थियों के लिए आयु सीमा तक प्रयास की कोई सीमा नहीं है।
OTR और आवेदन शुल्क
अब आवेदन से पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) करना अनिवार्य है। OTR प्रोफाइल बनाने के बाद ही फॉर्म भरा जा सकेगा। सामान्य और ओबीसी पुरुष उम्मीदवारों के लिए शुल्क 100 रुपये है, जबकि महिलाओं, एससी, एसटी और दिव्यांग वर्ग के लिए आवेदन फ्री है। फोटो नई होनी चाहिए और उस पर नाम और तारीख लिखी हो।
एग्जाम सेंटर का चयन कैसे होगा?
प्रिलिम्स एग्जाम के सेंटर पहले आओ पहले पाओ के आधार पर दिए जाएंगे। इसलिए पसंदीदा शहर में केंद्र पाने के लिए जल्दी आवेदन करना फायदेमंद रहेगा।





