( ब्यूरो ,न्यूज़ 1 हिन्दुस्तान )
देहरादून। उत्तराखंड में पहाड़ों पर बारिश का सिलसिला जारी है, जबकि निचले इलाकों में भी रुक-रुककर मध्यम बौछारें पड़ रही हैं। हालांकि, फिलहाल भारी वर्षा का दौर कुछ थमा है, लेकिन आने वाले दिनों में बारिश फिर जोर पकड़ सकती है।
मौसम विभाग ने आज प्रदेश के सभी जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा और गर्जन के साथ बौछारों की संभावना जताई है। इसके बाद रविवार से मानसून फिर जोर पकड़ सकता है।
प्रदेश में पहाड़ से मैदान तक बौछारों का दौर जारी
शुक्रवार को पहाड़ से मैदान तक बादलों का डेरा रहा और रुककर वर्षा के दौर होते रहे। खाासकर पहाड़ोें में तेज बारिश के दौर भी दर्ज किए गए। देहरादून व हरिद्वार में कहीं-कहीं मध्यम से तेज बौछारें पड़ीं। देहरादून में भी शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहे और तीव्र बौछारों के दो दौर हुए। शनिवार को भी मौसम इसी प्रकार का रहने का अनुमान है। हरिद्वार और देहरादून में शनिवार सुबह से ही बारिश का दौर जारी है।
यहां पर भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी
रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चमोली, नैनीताल और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा सभी जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर होने की संभावना है। हालांकि रविवार से बारिश के दौर में तेजी आने की संभावना है। विशेषकर कुमाऊं मंडल में भारी वर्षा का असर देखने को मिल सकता है।
रविवार से ज्यादातर क्षेत्रों में अत्यधिक तीव्र वर्षा के आसार
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार और मंगलवार को पूरे प्रदेश में भारी बारिश की आशंका है। ऐसे में पर्वतीय क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन और सड़क मार्ग प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है। प्रशासन और संबंधित विभागों को मौसम के मद्देनजर सतर्क रहने की जरूरत है।





