( ब्यूरो ,न्यूज़ 1 हिन्दुस्तान )
पिथौरागढ़। उत्तराखण्ड के पिथौरागढ़ जिले से बड़ी खबर आ रही है जहां धारचूला स्थित जुम्मा गांव में बदल फटने से व्यापक पैमाने पर नुकसान होने की सुचना है। जबकि दर्जनों घर जमीदोंज हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक, मलबे की चपेट में आने से 3 लोगों की मौत हो गई है, जबिक 7 लोग अभी भी लापता हैं। वहीं, इस घटना से स्थानीय लोग दहशत में हैं। जानकारी के मुताबिक, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंच कर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई है। जबकि CM पुष्कर सिंह धामी ने टेलीफोन पर जिलाधिकारी से बात कर निर्देश दिये कि प्रभावितों को तत्काल हर सम्भव सहायता उपलब्ध कराई जाए। सर्च व रेस्क्यू आपरेशन पूरी क्षमता के साथ चलाए जाएं। घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित किया जाए।
इससे पहले उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खुद ट्वीट कर इस घटना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया था कि पिथौरागढ़ जनपद के जुम्मा गांव के पास भूस्खलन की वजह से 2 लोगों की दुखद मौत हो गई एवं 5 अन्य की मलबे में दबे होने की खबर है। इस विषय में जिलाधिकारी से बात कर रेस्क्यू मिशन तेज करने का निर्देश दिया गया है। मैं वहां फंसे लोगों की सलामती के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।
पिछले हफ्ते भी पिथौरागढ़ जिले की बॉर्डर तहसीलों में मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई थी। बारिश की वजह से हो रहे लैंडस्लाइड के कारण कई रास्ते बंद हो गए थे। वहीं, आमलोगों को भी खतरों का सामना करना पड़ रहा था। बलुआकोट में एक महिला भारी मलबे में दब गई थी। धारचूला तहसील के अलघारा में भारी लैंडस्लाइड हुआ था, जिस कारण चीन बॉर्डर को जोड़ने वाली तवाघाट रोड बंद हो गया था। लैंडस्लाइड में आए भारी मलबे के कारण निचले इलाकों के 20 मकानों पर खतरा मंडरा रहा था। स्थानीय प्रशासन ने 12 मकानों को तत्काल खाली करने का आदेश दिया था।
बलुआकोट में इलाके में भी भूस्खलन हुआ था। जोशी गांव में हुए भूस्खलन के कारण 13 मकान खतरे की जद में आ गए थे। इसकी चपेट में आने से एक महिला लापता थी। महिला को खोजने के लिए एसडीआरएफ ने सर्च ऑपरेशन चलाया था, लेकिन मलबा बहुत ज्यादा होने के कारण महिला को खोज पाना आसान नहीं था।
उधर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद पिथौरागढ़ के तहसील धारचूला के ग्राम जुम्मा में भारी वर्षा से हुए नुकसान के बारे में कुमाऊं कमिश्नर सुशील कुमार एवं अपर जिलाधिकारी पिथौरागढ़ से वर्चुअल माध्यम से जानकारी ली। जबकि जिलाधिकारी से फोन पर राहत व बचाव कार्यों के बारे में जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कुमाऊं कमिश्नर एवं जिलाधिकारी पिथौरागढ़ को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्र से लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर लाया जाय। प्रभावितों को रहने के साथ ही खाद्य सामग्री, दवाइयों एवं बच्चों को दूध की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। यह सुनिश्चित किया जाय की प्रभावित क्षेत्र में कोई न फंसे।
मुख्यमंत्री ने कुमाऊं कमिश्नर को निर्देश दिए की प्रभावित क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को जल्द शुरू करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जाय। लोक निर्माण विभाग की टीम से जल्द रास्ते का मलवा हटाया जाय। एनएच के जो भी रूट बाधित हो रहे हैं, उनको शीघ्र खुलवाने के लिए जेसीबी एवं अन्य करण की पर्याप्त व्यवस्था रखी जाए। मुख्यमंत्री ने कुमाऊं कमिश्नर एवं जिलाधिकारी पिथौरागढ़ से बारिश से हुए नुकसान की जानकारी ली । प्राप्त जानकारी के अनुसार 03 लोगों के मृत्यु एवं 04 लोगों के लापता होने की सूचना है। प्रशासन एवं एसएसबी की टीम घटना स्थल पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी है। जिलाधिकारी पिथौरागढ़ आशीष चौहान प्रभावित क्षेत्र में हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी फोन से जिलाधिकारी से लगातार अपडेट ले रहे हैं। मौसम साफ होते ही मुख्यमंत्री प्रभावित क्षेत्र का दौरा करेंगे।