* अउआ टूटकर ‘युवा’ संस्था बनी, भगवान बद्रीनाथ के दर्शन के बाद बनी नई संस्था,‘युवा’ के विस्तार के लिये लिया गया संकल्प।
* गोपेश्वर में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों का समागम एवं राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित।
( ब्यूरो ,न्यूज़ 1 हिन्दुस्तान )
गोपेश्वर। अउआ से विमुख हुए इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों ने भगवान श्री बद्रीनाथ के दर्शन के बाद अखिल भारतीय स्तर पर ‘यूनिवर्सिटी आॅफ इलाहाबाद एलुमनी एसोसिएशन (UAAA युवा)’ का गठन कर लिया। इसकी पहली बैठक उत्तराखंड के चमोली जिले के मुख्यालय गोपेश्वर में हुई।



बैठक में बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों ने हिस्सा लिया और नई संस्था के विस्तार का संकल्प लिया।
उत्तराखंड के गोपेश्वर स्थित पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन के अवसर पर इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों (Alumni) का आत्मीय समागम भी संपन्न हुआ। इस अवसर पर देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों एवं सदस्यों ने सहभागिता की तथा आपसी संवाद, विचार-विमर्श और संगठन को मजबूत बनाने पर चर्चा की।




कार्यक्रम में उत्तराखंड के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक एवं विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यार्थियों की प्रतिभा, उत्साह और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर यूनिवर्सिटी ऑफ इलाहाबाद एलुमनी एसोसिएशन( UA AA) की बैठक भी आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से आए पूर्व छात्रों ने भाग लिया। बैठक में विश्वविद्यालय के गौरवशाली इतिहास, पूर्व छात्रों की भूमिका, आपसी समन्वय तथा देश-विदेश में फैले Alumni नेटवर्क को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के संबंध में विचारों का आदान-प्रदान हुआ। इस अवसर पर उपस्थित पूर्व छात्रों एवं सदस्यों को सम्मानित भी किया गया।




बैठक में नई संस्था के गठन के साथ ही शीघ्र ही कार्यकारिणी बनाने और संस्था के सदस्यों का विस्तार करने का संकल्प लिया गया। विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र वरिष्ठ पत्रकार अजय औदीच्य, सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता उज्जवल कुमार, प्रतीक बिल्डर्स के प्रबंधक आलोक सिन्हा (गाजियाबाद), हाईकोर्ट इलाहाबाद के अधिवक्ता प्रदीप तिवारी व जयवर्धन त्रिपाठी, पूर्व ARTO जय शंकर तिवारी ग़ाज़ियाबाद ,बरेली से कुलभूषण त्रिपाठी और पूर्व आईएएस एसके सिंह (अउआ के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे चुके) ने नई संस्था के गठन पर शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। गोपेश्वर की पहली बैठक में जल्दी ही संस्था की पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एजीएम बुलाए जाने का निर्णय लिया गया है।




कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. अमित एवं उनकी पूरी आयोजन टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रतिभागियों ने सम्मेलन की सुव्यवस्थित व्यवस्था, आतिथ्य, खानपान तथा ठहरने की उत्कृष्ट व्यवस्था की सराहना की।
समागम के दौरान यह भावना भी व्यक्त की गई कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय के देश-विदेश में फैले पूर्व छात्रों को एक साझा मंच पर जोड़कर विश्वविद्यालय की गौरवशाली शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाया जाना चाहिए। विश्वविद्यालय का आदर्श वाक्य “Quot Rami Tot Arbores” (जितनी शाखाएँ, उतने वृक्ष) इसी विस्तार, विविधता और सामूहिकता की भावना का प्रतीक है।




इस अवसर पर उपस्थित पूर्व छात्रों ने ऐसे आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित करने तथा विश्वविद्यालय और उसके Alumni परिवार के बीच संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
अंत में आयोजकों एवं सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में विश्वविद्यालय के Alumni नेटवर्क ( UAAA ) को और व्यापक बनाने की अपेक्षा व्यक्त की गई।




बैठक का आयोजन श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय में शिक्षा निकाय बीएड के विभागाध्यक्ष प्रो. अमित जायसवाल ने किया। इसमें राजेंद्र सिंह असवाल गाजियाबाद, ज्ञानप्रकाश पाण्डेय वरिष्ठ पत्रकार हरिद्वार, काशी नरेश विश्वविद्यालय डॉ प्रतीक उपाध्याय , ज्ञानपुर भदोही, डॉ मुकेश कुमार सिंह, असिस्टेंट प्रोफेसर, शिक्षाशास्त्र विभाग, दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, गोरखपुर, डॉ प्रतीक उपाध्याय भदोही, डॉ स्वांगी हंडिया, डॉ संजय शाह वरिष्ठ चिकित्सक हरिद्वार, पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार और गोपेश्वर से सहायक अभियोजन अधिकारी विपुल कुमार पांडेय, डीसीजी डॉ मनोज भट्ट, समेत बड़ी संख्या में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।



