( ब्यूरो ,न्यूज़ 1 हिन्दुस्तान )
देहरादून। उत्तराखण्ड में पुलिस की भर्ती के लिए तैयारी कर रहे युवको के लिए एक अच्छी खबर आ रही है। जी हाँ ,पुलिस विभाग में लंबे समय से अटकी कांस्टेबल भर्ती की प्रक्रिया अब जल्द शुरू होने जा रही है। आने वाले सप्ताह में आवेदन प्रक्रिया शुरू हो सकती है। इस भर्ती की खास बात यह होगी कि पहली बार उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग इस प्रक्रिया को अंजाम देगा। पुलिस मुख्यालय और आयोग के बीच औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं ताकि राज्य में डेढ़ हज़ार से ज़्यादा पदों पर नियुक्तियां हो सकें।
पुलिस हेडक्वार्टर सितंबर महीने में ही रिक्त 1521 पदों पर भर्ती के लिए अधिचायन उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को भेज चुका है। अब आयोग भर्ती प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। उत्तराखंड में पिछली पुलिस भर्ती 2016 में हुई थी। इस पूरी प्रक्रिया को लेकर डीजीपी अशोक कुमार का कहना है कि अधिचायन भेजा जा चुका है और आने वाले 7 दिनों के भीतर इसमें आगे की कार्यवाही शुरू हो जाएगी, जिसके बाद भर्तियाँ शुरू होंगी।
किस पोस्ट के कितने पद?
राज्य में कांस्टेबल भर्ती के तहत 785 पद जनपदीय पुलिस के, 291 पद पीएसी आईआरबी के और 291 पद फायरमैन के भरे जाने हैं। इनके अलावा 445 पदों पर महिलाओं की भर्ती होनी है। सभी को मिलाकर कुल 1521 सिपाही पदों पर भर्ती प्रक्रिया का काम गति पकड़ने वाला है। उत्तराखंड में बीते छह साल से पुलिस विभाग में सिपाहियों की भर्ती न होने के कारण राज्य के युवा काफी समय से इस भर्ती का इंतज़ार कर रहे थे।