( ब्यूरो ,न्यूज़ 1 हिन्दुस्तान )
देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के देहरादून मौसम केंद्र के अनुसार 27 जुलाई को पूरे उत्तराखंड में मानसून बेहद सक्रिय रहेगा। राज्य के सभी 13 जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में आकाशीय बिजली, गरज-चमक और अत्यंत तीव्र वर्षा (Extremely Intense Spell) होने की भी चेतावनी दी गई है। वहीं उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पौड़ी, चंपावत, पिथौरागढ़ और ऊधम सिंह नगर में भारी बारिश, तेज गरज-चमक और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर पड़ सकते हैं। हरिद्वार में भी गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
दरअसल, देवभूमि उत्तराखंड में आज यानी 27 जुलाई 2026 से मानसून एक बार फिर अपने प्रचंड रूप में लौटने वाला है। पिछले कुछ दिनों से राज्य के मैदानी और पर्वतीय इलाकों में कमजोर पड़ी मानसूनी गतिविधियां अब अत्यधिक सक्रिय और प्रबल होने जा रही हैं। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी और दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र और मानसून ट्रफ के उत्तर की ओर खिसकने से उत्तराखंड में मौसम का मिजाज तेजी से बिगड़ेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताज़ा पूर्वानुमान के अनुसार, 27 जुलाई की रात से 29 जुलाई की रात के बीच बारिश की गतिविधियां अपने चरम पर होंगी, जिससे राज्य भर के लगभग सभी 13 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ-साथ कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और मूसलाधार बौछारें पड़ने की पूरी संभावना है।
आईएमडी के मौसम बुलेटिन के अनुसार 27 से 30 जुलाई की अवधि के दौरान राज्य में आकाशीय बिजली चमकने, बादलों की तेज गर्जना और बारिश के अति तीव्र दौर देखने को मिल सकते हैं। पर्वतीय जिलों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश की वजह से संवेदनशील इलाकों में दरकते पहाड़, भूस्खलन और सड़कें बंद होने जैसी गंभीर समस्याएं खड़ी हो सकती हैं, जबकि मैदानी इलाकों में रपटों और बरसाती नालों के उफान पर आने से जलभराव की स्थिति बनने की पूरी आशंका है।
मौसम विभाग ने शासन ,प्रशासन स्थानीय नागरिकों और उत्तराखंड की यात्रा पर आ रहे श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों को विशेष सावधानी बरतने, अनावश्यक यात्रा से बचने और पर्वतीय मार्गों पर वाहन चलाते समय बेहद सतर्क रहने की सलाह जारी की है।
आज 27 जुलाई को आपके जिले में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार, 27 जुलाई को उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर जनपदों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने का अंदेशा जताया गया है। इन जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने और वर्षा के अत्यंत तीव्र दौर आ सकते हैं। इसके अलावा राज्य के टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, चम्पावत, उधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं मूसलाधार भारी बारिश और बिजली चमकने का ऑरेंज/येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, मैदानी जिले हरिद्वार में गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी दी गई है। कुल मिलाकर पूरे प्रदेश में आज से ही बादलों की आवाजाही और तेज बारिश का दौर शुरू हो जाएगा।
28 से 30 जुलाई के बीच भारी बारिश का तांडव: 28 जुलाई का मौसम पूर्वानुमान
28 जुलाई को मानसून पूरे राज्य को अपनी आगोश में ले लेगा। इस दिन उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, उधम सिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों के कुछ क्षेत्रों में भारी से अत्यंत भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इन क्षेत्रों में बारिश के बहुत अधिक तेज आने और बिजली चमकने से जनजीवन प्रभावित हो सकता है। राज्य के शेष जिलों यानी पौड़ी, हरिद्वार, अल्मोड़ा और चम्पावत में भी कहीं-कहीं भारी वर्षा और बिजली कड़कने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने 28 जुलाई को राज्य के कई हिस्सों में रेड और ऑरेंज अलर्ट की स्थिति मानी है।
29 और 30 जुलाई को भी नहीं मिलेगी राहत, जानें मौसम का हाल
मौसम का यह रौद्र रूप महीने के अंत तक बना रहेगा. 29 जुलाई को उत्तरकाशी, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और टिहरी जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट रहेगा।
वहीं नैनीताल, पिथौरागढ़, पौड़ी, हरिद्वार, अल्मोड़ा, चम्पावत और उधमसिंह नगर में मध्यम से भारी बारिश का सिलसिला बना रहेगा।
30 जुलाई को उत्तरकाशी, देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बौछारों के साथ बिजली चमक सकती है।
31 जुलाई और 1 अगस्त से बारिश के दौर में थोड़ी कमी आ सकती है और अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जाएगी।
पहाड़ों में भूस्खलन से सड़कें बंद
उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में लगातार हो रही बारिश का सीधा असर यातायात और दैनिक जीवन पर दिखने लगा है। चमोली जिले में बारिश के चलते 4 प्रमुख सड़कें मलबे की वजह से बाधित हो गई हैं, जिन्हें खोलने का काम युद्धस्तर पर जारी है। उधर टिहरी जिले में बीती रात राष्ट्रीय राजमार्ग पर सियासू पुल के पास भारी भूस्खलन होने से एनएच पूरी तरह ठप हो गया था, जिसे थाना छाम पुलिस और प्रशासन की टीम ने जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर सुचारु कराया।
दूसरी ओर, देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में बटोली मार्ग, कालसी-चकराता मोटरमार्ग के जजरेड डेंजर जोन, हरिपुर-मिनस मार्ग और विकासनगर-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहाड़ों से लगातार दरकते मलबे और विशालकाय बोल्डरों के गिरने का खतरा मंडरा रहा है। मैदानी इलाकों में नदियां और बरसाती रपटे उफान पर हैं, जहाँ कई बार वाहनों के बहने और लोगों के फंसने की घटनाएं सामने आ रही हैं।




