( ब्यूरो ,न्यूज़ 1 हिन्दुस्तान )
हरिद्वार। घर में सो रही किशोरी के चेहरे पर केमिकल फेंक कर अज्ञात युवक फरार हो गया। पीड़िता की मां की तहरीर पर पथरी पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता का चेहरा झुलस गया है। धनपुरा निवासी किशोरी की मां ने तहरीर देकर बताया कि सोमवार रात को उसकी बेटी घर पर अपने बिस्तर पे सो रही थी। रात को अज्ञात युवक दीवार फांद कर घर में घुसा और उसकी बेटी के चेहरे पर केमिकल डाल कर भाग गया। किशोरी ने तुरंत अपने चेहरे को पानी से साफ किया तो उसके चेहरे पर जलन होने लगी। पुलिस को सूचना देने के बाद परिजन किशोरी को निजी अस्पताल ले गए। डॉक्टर ने बताया कि उसके चेहरे पर केमिकल फेंका गया था। केमिकल से किशोरी का चेहरा झुलस गया। इधर फेरूपुर चौकी प्रभारी उमेश कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।