( ब्यूरो ,न्यूज़ 1 हिन्दुस्तान )
देहरादून। उत्तराखंड में मानसून ने पूरी तरह दस्तक दे दी है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। मौसम विभाग ने देहरादून समेत कई जिलों के लिए आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटे में हुई बारिश के कारण तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।
उत्तराखंड में मानसून की दस्तक के साथ ही मौसम विभाग ने आज, 02 जुलाई के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आज राजधानी देहरादून समेत नैनीताल, बागेश्वर, पौड़ी और टिहरी जिलों में कुछ जगहों पर ‘भारी से बहुत भारी बारिश’ का ऑरेंज अलर्ट है। वहीं हरिद्वार, चमोली, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग जनपदों में भी भारी बारिश की आशंका है। इसके अलावा ऊधम सिंह नगर और मैदानी इलाकों में 40 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और पर्वतीय जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी है। पहाड़ों में भूस्खलन के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।
उत्तराखंड के लोगों के लिए मौसम से जुड़ी एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून 30 जून को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में दस्तक दे चुका है और अब अगले दो से तीन दिनों में यह पूरे उत्तराखंड को कवर कर लेगा। मौसम विभाग की मानें तो पंजाब से लेकर बंगाल की खाड़ी तक एक मजबूत मानसूनी सिस्टम बना हुआ है, जिसके चलते समुद्र तल से करीब 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई तक नमी वाली तेज हवाएं चल रही हैं। इसके साथ ही, उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी एक्टिव हो रहा है। इन दोनों मौसमी सिस्टम्स के एक साथ मिलने की वजह से उत्तराखंड में आज यानी 02 जुलाई से लेकर 04 जुलाई तक मानसून बहुत ज्यादा एक्टिव और आक्रामक रूप दिखा सकता है, जिससे पहाड़ी से लेकर मैदानी इलाकों तक झमाझम बारिश का दौर जारी रहेगा।
टिहरी में बीती रात से लगातार तेज बारिश हो रही है, जिससे मौसम सुहावना हो गया है और तापमान में गिरावट आई है।
वहीं चमोली जिले में भी झमाझम बारिश जारी है। बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पागल नाले के पास भारी मात्रा में मलबा आने से बड़े वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। इसके अलावा गुलाबकोटी के पास भी सड़क पर भारी मलबा आने से मार्ग बाधित हो गया है, जिससे दोनों ओर चारधाम यात्रा पर जा रहे श्रद्धालु फंस गए हैं।
बागेश्वर में सुबह से लगातार तेज बारिश हो रही है। खराब मौसम और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी ने जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को आज बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
चंपावत में भी भारी बारिश की संभावना के मद्देनजर प्रशासन ने सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने का फैसला लिया है।
नैनीताल जिले में पिछले 24 घंटे से लगातार बारिश का सिलसिला जारी है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
वहीं ऋषिकेश में सुबह से लगातार बारिश हो रही है। बरसात के चलते गंगा और सॉन्ग नदी के जलस्तर में वृद्धि दर्ज की गई है तथा दोनों नदियों के जल प्रवाह में तेजी आ गई है। प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे जाने से बचने और सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी समेत कई जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों और यात्रियों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।
आज इन 5 जिलों में बहुत भारी बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’, घरों में रहने की सलाह
मौसम विभाग ने आज 02 जुलाई के लिए राज्य के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की गंभीर चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी देहरादून सहित टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में आज कुछ जगहों पर आफत की बारिश हो सकती है। इसके अलावा, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जनपदों में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश की पूरी संभावना बनी हुई है। पहाड़ी रास्तों पर सफर करने वाले यात्रियों और पर्यटकों को बेहद सावधानी बरतने के लिए कहा गया है क्योंकि तेज बारिश की वजह से भूस्खलन (लैंडस्लाइड) का खतरा बढ़ जाता है। वहीं मैदानी जिलों जैसे ऊधम सिंह नगर और हरिद्वार में बारिश के साथ-साथ तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।




