( ब्यूरो ,न्यूज़ 1 हिन्दुस्तान )
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहस्त्रधारा हैलीपैड पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के उत्तराखण्ड आगमन पर स्वागत किया।
आपको बता दे कि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र उत्तराखण्ड सियासी अखाडा बनाने जा रहा है। जिसको लेकर भाजपा कोई कसार नहीं छोड़ना चाहती है। इसी को लेकर भाजपा के कई केंद्रीय दिग्गज उत्तराखण्ड में जुटेंगे।
इस अवसर पर केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, वंशीधर भगत, डॉ. धन सिंह रावत, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष/ विधायक मदन कौशिक, विधायकगणों एवं पार्टी पदाधिकारियों ने भी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया।
चुनाव अभियान की रणनीति को धार देना है मकसद
संगठन से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, दिग्गजों के आने का मुख्य मकसद चुनाव अभियान की रणनीति को धार देना है। वे 24 नवंबर को देहरादून आएंगे और तीन दिन तक चुनाव प्रबंधन समिति के अलग-अलग विभागों की कार्ययोजना को परखेंगे। केंद्रीय दिग्गजों में चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी, सह चुनाव प्रभारी लॉकेट चटर्जी और आरपी सिंह के अलावा प्रदेश संगठन प्रभारी दुष्यंत गौतम व सह प्रभारी रेखा वर्मा भी होंगी
तीन दिन होगा 33 विभागों की कार्ययोजना पर मंथन
विधानसभा चुनाव के प्रबंधन के लिए पार्टी ने 33 विभाग बनाए हैं। दिल्ली लौटने से पहले प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी इन विभागों के संयोजकों और सह संयोजकों की बैठक ले चुके हैं। बैठक में उन्होंने सभी को चुनाव की दृष्टि से अपने-अपने विभागों की कार्ययोजना तैयार करने को कहा है। 24, 25 व 26 नवंबर की बैठक में केंद्रीय नेता एक-एक विभाग की कार्ययोजना की समीक्षा करेंगे और उसे अंतिम रूप दिया जाएगा
चुनाव अभियान का हो जाएगा आगाज
केंद्रीय नेताओं के साथ तीन दिवसीय बैठक के बाद भाजपा अपने चुनाव अभियान का विधिवत रूप से आगाज कर देगी। इस बात की पूरी संभावना है कि पार्टी अब चुनाव अभियान समिति का गठन नहीं करेगी, बल्कि चुनाव प्रबंधन समिति के जरिये ही विधानसभा चुनाव में उतरेगी। इसलिए चुनाव प्रबंधन समिति में शामिल सियासी दिग्गजों पर समर का पूरा दारोमदार रहेगा।
कुमाऊं की चुनावी तैयारी परखेंगे नड्डा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा चमोली से सीधे अल्मोड़ा जाएंगे। उनका रुद्रपुर का भी कार्यक्रम है। दो दिवसीय दौरे में नड्डा कुमाऊं में पार्टी की चुनावी तैयारियों की परखेंगे और भावी रणनीति के लिए पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को टिप्स देंगे। 15 नवंबर को अल्मोड़ा में उनकी कई बैठकें होंगी। नड्डा पार्टी की टोली बैठक में दिशा-निर्देश देंगे। इसके बाद वह 16 नवंबर को मुख्यमंत्री के गृह जिले ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर में बैठक करेंगे।
नड्डा का दौरा बेहद अहम
कुमाऊं मंडल में नड्डा का सियासी दौरा बहुत अहम माना जा रहा है। सियासी जानकारों का मानना है कि किसान आंदोलन के असर, यशपाल आर्य व उनके बेटे का दलबदल और हाल में आई आपदा की वजह से भाजपा के चुनावी समीकरण प्रभावित हुए हैं। नड्डा पार्टी के इन्हीं चुनावी समीकरणों को साधने की रणनीति मंथन करेंगे।