* मुरादाबाद मंडल के स्टेशनों पर स्वच्छ, सुंदर एवं स्वच्छतापूर्ण रेल परिसर के लिए निरंतर चलाया जा रहा विशेष अभियान।
( ब्यूरो ,न्यूज़ 1 हिन्दुस्तान )
देहरादून। मुरादाबाद मंडल में स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत मंडल के सभी प्रमुख एवं महत्वपूर्ण स्टेशनों पर व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में देहरादून रेलवे स्टेशन पर भी रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा स्टेशन परिसर तथा रेलवे परिसंपत्तियों के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ,उत्तर रेलवे, मुरादाबाद मंडल महेश यादव ने बताया कि अभियान के दौरान स्टेशन परिसर, सर्कुलेटिंग एरिया, रेलवे लाइन, यार्ड, विश्रामालय, वेटिंग रूम एवं शौचालयों सहित यात्रियों एवं रेल परिचालन से जुड़े विभिन्न स्थानों पर विशेष साफ-सफाई की गई। रेलवे कर्मचारियों द्वारा श्रमदान करते हुए रेल पटरियों एवं आसपास के क्षेत्रों से कचरा एकत्र कर उसका उचित निस्तारण किया गया।

स्वच्छता अभियान के दौरान कर्मचारियों ने स्वच्छता को दैनिक कार्यशैली एवं जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया। साथ ही यात्रियों एवं आमजन से रेलवे परिसर को स्वच्छ रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने तथा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाने की अपील की गई।
मुरादाबाद मंडल द्वारा स्वच्छता पखवाड़े के दौरान स्टेशनों एवं रेलवे परिसरों में स्वच्छता गतिविधियों को व्यापक रूप से संचालित करने के साथ-साथ स्वच्छता के प्रति जागरूकता, सामूहिक सहभागिता एवं जनभागीदारी को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित एवं यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाना है।
मुरादाबाद मंडल रेल प्रशासन स्वच्छ रेल परिसर एवं स्वच्छ पर्यावरण के संकल्प को साकार करने के लिए अधिकारियों, कर्मचारियों, यात्रियों तथा आमजन की सहभागिता के साथ निरंतर प्रयासरत है। मंडल द्वारा सभी रेल यात्रियों से अपील की गई है कि वे स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करें और “स्वच्छ रेल, स्वच्छ परिसर और स्वच्छ पर्यावरण” के संकल्प को मजबूत बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।




