( ब्यूरो ,न्यूज़ 1 हिन्दुस्तान )
देहरादून। उत्तराखण्ड विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र राजनैतिक दलों ने अपनी तैयारियां लगभग पूरी कर ली है। इसके तहत कांग्रेस भी बड़ा एलान कर सकती है। सूत्रों की माने तो हरीश रावत को कांग्रेस मुख्यमन्त्री पद के लिए अपना उमीदवार बना सकती है। जिसको लेकर लगातार कोशिशे की जा रही है। इतना ही नहीं कांग्रेस के उत्तराखण्ड प्रभारी देवेंद्र यादव भी मुख्यमन्त्री पद के हरीश रावत के नाम के पक्ष में जा सकते है। इतना ही नहीं हरीश रावत को कैंपेन कमेटी का चेयरमैन भी बनाया जा सकता है। बताया जा रहा है कि हरीश रावत को सीएम उम्मीदवार के लिए मनाने की कोशिश की जा रही है। इसके अलावा मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह को विधानसभा में विपक्ष का नेता बनाने की तैयारी है। इनकी जगह ब्राह्मण चेहरा गणेश गोदियाल को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया जा सकता है। फिलहाल कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष और आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र मुख्यमन्त्री के चेहरे को लेकर उठापठक जारी है।
आपको बता दें कि उत्तराखंड में अगले साल के प्रारंभ में ही विधानसभा चुनाव होने हैं। बीजेपी ने पुष्कर सिंह धामी को मुख्यमंत्री बनाकर युवा नेतृत्व और 60 प्लस सीटें जीतने के नारे के साथ 2022 के विधानसभा चुनाव में उतरने के संकेत दिए हैं। बताया जा रहा है कि कांग्रेस मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने को लेकर हरीश रावत और प्रीतम सिंह के बीच उलझी थी, लेकिन अब हरीश रावत को ही प्रत्याशी बनाना लगभग तय कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि उत्तराखंड के नेताओं के साथ कांग्रेस हाईकमान ने दो दिनों तक मंथन कर पार्टी के सियासी हालात को सामान्य करने की कोशिश की है, लेकिन सूबे के जातीय समीकरण के चलते फॉर्मूला तय नहीं हो पा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष के लिए भी लॉबिंग
सूत्रों के मुताबिक, प्रीतम सिंह प्रदेश संगठन की कमान अपने करीबी युवक कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भुवन कापड़ी को देना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष पद छोड़ने के लिए यही शर्त भी रखी है कि उनके करीबी शख्स को संगठन की कमान सौंपी जाएगी। कापड़ी ब्राह्मण समुदाय से भी आते हैं और मौजूदा समय में प्रदेश महामंत्री हैं। वहीं, हरीश रावत ब्राह्मण समाज से आने वाले पूर्व विधायक गणेश गोदियाल को प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर देखना चाहते हैं। गोदियाल उनके करीबी माने जाते हैं। बताया जा रहा है कि गोदियाल के नाम पर लगभग सहमति बन गई है।