( ब्यूरो ,न्यूज़ 1 हिन्दुस्तान )
हरिद्वार।जवाहरलाल नेहरू राष्ट्रीय युवा केंद्र, हरिद्वार में आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की *157वीं जयंती एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की 122वीं जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया।

संस्था के अध्यक्ष पदम प्रकाश शर्मा ने महात्मा गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी को नमन करते हुए कहा कि गांधी जी ने सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के माध्यम से समाज को नई दिशा दी, वहीं लाल बहादुर शास्त्री जी ने अपने सरल, सादगीपूर्ण एवं ईमानदार जीवन से देशसेवा और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल कायम की। दोनों महापुरुषों का जीवन आज भी युवा पीढ़ी को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है।
संस्था के कार्यकारी अध्यक्ष ओम प्रकाश चौहान ने महात्मा गांधी जी के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भावपूर्ण स्वर में “वैष्णव जन तो तेने कहिए” भजन प्रस्तुत किया। भजन के माध्यम से उन्होंने गांधी जी के सत्य, करुणा, सेवा और मानवता के संदेश को स्मरण किया।

इस अवसर पर लाल बहादुर शास्त्री जी के जीवन को याद करते हुए उनके “जय जवान, जय किसान” के प्रेरणादायी संदेश का उल्लेख किया गया। शास्त्री जी ने सादगी, अनुशासन, ईमानदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण को अपने जीवन में अपनाया तथा देश के कठिन समय में जनता को आत्मनिर्भरता और एकजुटता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में संस्था के सचिव सुखबीर सिंह, कोषाध्यक्ष कुलदीप सिंह, विभोर चौधरी, कमलप्रीत कौर, शिवम आहूजा, संजय, विनीत सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी उपस्थित सदस्यों ने महात्मा गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।


