( ब्यूरो ,न्यूज़ 1 हिन्दुस्तान )
सोनीपत। सोनीपत की गन्नौर तहसील के बाय गांव में जीवानंद मॉडल पुब्लिक स्कूल की छत गिरने से तीसरी और चौथी कक्षा के बच्चे ,अध्यापक और छत पर मिटटी दाल रहे मज़दूर दब गए। चीख पुकार सुनकर गांव वाले मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे बच्चों समेत 35 लोगों को बचाने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान पुलिस को भी सूचना दी गई।
उसके बाद स्कूल प्रबंधक और बाकी अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। आसपास के लोगों की मदद से सभी को निकाला गया। आनन-फानन में उन्हें नजदीकी सरकारी अस्पताल में ले जाया गया। जहां 28 से ज्यादा लोगों की एंट्री हुई है, जबकि 7 को गंभीर हालत देखते हुए निजी अस्पताल ले जाया गया है। वहीं सोनीपत के जिला शिक्षा अधिकारियों ने हादसे की रिपोर्ट तलब की है।
बताया जा रहा है कि स्कूल की छत कच्ची थी। 2 दिन पहले हुई तेज बारिश के कारण वह काफी जर्जर हो चुकी थी। इसके चलते स्कूल प्रशासन छत पर मिट्टी डलवाने का काम करवा रहा था। जैसे ही मजदूरों ने मिट्टी डालनी शुरू करी, वह नीचे गिर गई।
अचानक गिरी छत, हुआ बड़ा धमाका
सुबह 11 बजे स्कूल के हॉल की छत पर मजदूर मिट्टी डालने का काम कर रहे थे। स्कूल के इसी हॉल में तीसरी और चौथी कक्षा के बच्चे पढ़ते हैं। बच्चे स्कूल के कैंपस में पेपर दे रहे थे। परीक्षा खत्म होने के बाद क्लास में अपना बैग उठाने के लिए गए थे।क्लास रूम में अध्यापक भी थे। इसी दौरान अचानक छत गिर गई और बच्चे, अध्यापक और मजदूर दब गए। अचानक से छत गिरने से जोर का धमाका हुआ।
25 से ज्यादा बच्चों को आई गंभीर चोटें
बच्चों को स्कूल की बस से सरकारी अस्पताल Hospital पहुंचाया गया।अस्पताल में भी बच्चों के रोने की आवाज गूंजती रही। 25 से ज्यादा बच्चों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही उनके परिवार वाले भी पहले स्कूल पहुंचे और फिर उसके बाद अस्पताल गए। करीब सभी घायल बच्चों के सिर पर टांके लगे हैं। वहीं मजदूर और अध्यापकों को भी गंभीर चोटें आई हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमओ भी तत्काल अस्पताल पहुंचे और स्टाफ को घायलों का बेहतर इलाज करने के बारे में दिशा निर्देश दिए।