( ज्ञान प्रकाश पाण्डेय )
हरिद्वार/मुरादाबाद। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर कांठ रोड के बाद बृहस्पतिवार को दिल्ली रोड पर भी भारी वाहनों का संचालन बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद भारी वाहनों को बदले मार्ग से भेजा जाएगा। अभी चार पहिया और छोटे वाहन चलते रहें। कांवड़ियों की भीड़ बढ़ने पर इन्हें भी बदले मार्ग से चला जाएगा। पुलिस अधीक्षक यातायात सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि दिल्ली रोड पर बृहस्पतिवार की रात से डायवर्जन लागू किया जाएगा।
इसके बाद वाहनों को बदले मार्ग से चलाया जाएगा। रूट डायवर्जन का सख्ती से पालन कराने के लिए जगह-जगह पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह का कहना है कि कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। हाईवे और कांवड़ मार्ग वाले थानों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

यह रहेगी डायवर्जन की व्यवस्था
शाहजहांपुर से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन शाहजहांपुर से बदायूं, बबराला, नरौरा और बुलंदशहर के रास्ते भेजे जाएंगे और इसी रास्ते से वापस आएंगे। मुरादाबाद से दिल्ली जाने वाले भारी वाहन संभल, बबराला, नरौरा, बुलंदशहर और हापुड़ होकर दिल्ली जाएंगे और इसी रास्ते से वापस जाएंगे। बरेली और रामपुर से दिल्ली जाने वाले भारी वाहन बिलारी, सिरसी, संभल, चौधरी सराय और गंगा एक्सप्रेस-वे के रास्ते निकाले जाएंगे।
मुरादाबाद से मेरठ और दिल्ली जाने वाले वाहन गांगन तिराहा, मनोटा, सिरसी, संभल, बबराला, नरौरा, डिबाई, बुलंदशहर और हापुड़ होकर जाएंगे और इसी मार्ग से वापस आएंगे। दिल्ली-गाजियाबाद से रामपुर, बरेली और लखनऊ जाने वाले भारी वाहन हापुड़, सिंभावली, डिबाई, नरौरा और बदायूं के रास्ते भेजे जाएंगे और इसी मार्ग से वापस आएंगे।
बिजनौर और हरिद्वार की ओर जाने वाले भारी वाहन काशीपुर तिराहा, ठाकुरद्वारा, जसपुर, अफजलगढ़ और धामपुर होकर जाएंगे और इसी मार्ग से वापस आएंगे। हल्के वाहनों को टीएमयू, अगवानपुर के रास्ते निकाला जाएगा।
डीजीपी के सामने डीएम करेंगे कांवड़यात्रा प्लान का प्रदर्शन
डीजीपी बृहस्पतिवार को बरेली में कांवड़यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। इसमें डीएम डाॅ. राजेंद्र पैंसिया डीजीपी के सामने जिले के लिए तैयार कांवड़यात्रा के प्लान का प्रदर्शन करेंगे। बुधवार को अधिकारी इसकी तैयारी में जुटे रहे। बृहस्पतिवार से सावन महीने की शुरुआत हो रही है। इस महीने पश्चिमी यूपी में कांवड़यात्रा निकाली जाती है।
शिवभक्त ब्रजघाट और हरिद्वार से जल लेकर आते हैं। यात्रा के दाैरान कांवड़ियों को कोई परेशानी न हो इसके लिए जिला प्रशासन ने प्लान तैयार किया है। कांवड़यात्रा को लेकर बृहस्पतिवार को ही बरेली में डीजीपी ने समीक्षा बैठक बुलाई है। इस बैठक में डीएम मुरादाबाद जिले के प्लान का प्रजेंटेशन करेंगे।

31 जुलाई से रामपुर दोराहा से मिलेगी काशीपुर-रामनगर की बस
कांवड़ यात्रा के दौरान लागू होने वाले यातायात डायवर्जन का असर काशीपुर बस अड्डे के बस संचालन पर भी पड़ेगा। 31 जुलाई से 24 अगस्त तक काशीपुर-रामनगर रूट पर सामान्य दिनों की तुलना में आधी बसें ही संचालित होंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए इस अवधि में बसों का संचालन रामपुर दोराहा से किया जाएगा।
काशीपुर बस अड्डा इंचार्ज अमित गुप्ता ने बताया कि सामान्य दिनों में इस मार्ग पर 70 बसें चलती हैं, लेकिन डायवर्जन के कारण अब केवल 35 बसों का संचालन होगा। उन्होंने बताया कि रामपुर दोराहा से काशीपुर-रामनगर के लिए प्रत्येक 30 मिनट के अंतराल पर बस उपलब्ध रहेगी, जिससे यात्रियों को अधिक परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा समाप्त होने और यातायात व्यवस्था सामान्य होने के बाद 24 अगस्त से काशीपुर बस अड्डे से पहले की तरह सभी 70 बसों का नियमित संचालन शुरू कर दिया जाएगा।



