( ब्यूरो ,न्यूज़ 1 हिन्दुस्तान )
मुंबई। महाराष्ट्र के मुंबई एयरपोर्ट पर आज दोपहर एक बड़ा हादसा होते – होते टल गया। दरअसल वहां यात्रियों से भरे विमान को पुशबैक देने वाले एक ट्रैकटर में आग लग गई। यह हादसा V26R स्टैंड पर हुआ। वाहन को मुंबई से जामनगर जाने वाली फ्लाइट को पुशबैक देना था। वाहन में आग लगने की वजह का पता नहीं चल पाया है।

बताया जा रहा है कि एयर इंडिया की फ्लाइट AIC-647 मुंबई जामनगर को पुशबैक देने वाले वाहन में अचानक आग लग गई। उस वक्त विमान पर 85 लोग सवार थे। हादसे के वक्त एयरपोर्ट पर अफरा तफरी मच गई। हालांकि, एयरपोर्ट प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए आग को जल्दी से बुझाया। इस दौरान फ्लाइट को भी कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। विमान ने 12.04 बजे उड़ान भरी।

सुरक्षित रहें , स्वस्थ रहें
Stay Safe , Stay Healthy
मास्क के साथ-साथ , हाथो को धुले जरूर।



