( ब्यूरो ,न्यूज़ 1 हिन्दुस्तान )
नई दिल्ली। उत्तराखण्ड विधानसभा चुनाव का बिगुल बज गया है। चुनाव आयोग ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पांच राज्यों में मतदान की तारीखों का ऐलान कर दिया। उत्तराखण्ड के साथ ही उत्तर प्रदेश में दूसरे फेज का मतदान 14 फरवरी को होगा। उत्तराखण्ड में चुनाव एक चरण में ही होंगे। इस दौरान 28 जनवरी को नॉमिनेशन की आखिरी तारीख होगी। वहीं उम्मीदवार अपने नाम को वापस 31 जनवरी तक ले सकते हैं।
मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा ने कहा कि कोरोना पिछले दो सालों से एक बड़ी चुनौती बना रहा है। इसी को देखते हुए कोरोना गाइडलाइंस का पालन करवाते हुए ही मतदान करवाया जाएगा और लोगों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाएगा। इस के लिए नए प्रोटोकॉल भी लागू किए जाएंगे। चंद्रा ने कहा कि समय पर चुनाव करवाना आयोग की जिम्मेदारी है और ओमिक्रॉन वैरिएंट के बढ़ते मामलों के बीच चुनाव आयोग ने स्वास्थ्य अधिकारियों संग कई दौर की मीटिंग की हैं और साथ ही सभी चुनावी राज्यों में कोविड-19 की स्थिति का जायजा भी लिया है। इसके बाद ही पांच राज्यों में चुनाव करवाने का फैसला लिया गया है।
चुनाव आयुक्त ने बताया कि कोरोना के चलते पोलिंग बूथों की संख्या भी 16 प्रतिशत बढ़ाई गई है। दो लाख से ज्यादा पोलिंग बूथों पर मतदान की व्यवस्था की गई है। इस बात का खास ध्यान रखा गया है कि सभी पोलिंग बूथ ग्राउंड फ्लोर पर ही हों। चंद्रा ने इस दौरान बताया कि उत्तर प्रदेश में 29 प्रतिशत महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ी है। इसी को ध्यान में रखते हुए बूथों में महिला कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है जिससे महिलाओं को वोट डालने में कोई परेशानी नहीं हो। सभी पोलिंग बूथों पर व्हील चेयर और एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी।
चुनाव आयुक्त ने बताया कि इस बार उम्मीदवार ऑनलाइन नामांकन भी कर सकेंगे। कोरोनों के बढ़ते मामलों को देखते हुए इस बात का पूरा ध्यान रखा गया है कि किसी भी तरह से संक्रमण को फैलने से रोका जाए। वहीं उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में आयोग ने चुनाव खर्च की सीमा 40 लाख रुपये की रखी है। इसके साथ ही संवेदनशील बूथों की वीडियोग्राफी होगी।
प्रदेश में 70 सीटों पर मतदान होगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या के मुताबिक, पूरे प्रदेश में 81 लाख 43 हजार 922 मतदाता हैं, जिसमें 42 लाख 24 हजार 288 पुरुष, 39 लाख 19 हजार 334 महिला मतदाता है। पूरे प्रदेश में 93 हजार 964 सर्विस मतदाता हैं।
इस बार 2 लाख 97 हजार 922 नए मतदाता बने हैं और विधानसभा चुनाव में 18 से 19 साल के एक लाख 11 हजार 458 युवा मतदाता बने हैं। मतदान के लिए 11 हजार 647 मतदाता बूथ बनाए गए हैं, जिनमें इस बार मतदान के लिए 635 बूथों को बढ़ाया गया है।
यह ख़बर बिल्कुल अभी आई है और इसे सबसे पहले आप News 1 Hindustan पर पढ़ रहे हैं।