( उमेश शर्मा )
नोएडा। उत्तर प्रदेश के जिले नोएडा पुलिस ने बुधवार को एक शख्स को गिरफ्तार किया है, जो राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की बेटी इतिश्री मुर्मू के नाम से फर्जी अकाउंट बनाकर ट्वीट कर रहा था। उस व्यक्ति का नाम शैलेंद्र शुक्ला है और यह शहर की एक फैक्ट्री में बतौर इंजीनियर के पद पर कार्यरत है। इस मामले में ग्रेटर नोएडा पुलिस के डीसीपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि इतिश्री मुर्मू ट्विटर अकाउंट से बीते 22 अगस्त की शाम 7.38 बजे एक ट्वीट किया गया। उसमें लिखा था कि ग्रेटर नोएडा सोसाइटी हुक्काबार और अय्याशी का अड्डा बनती जा रही है। इज्जतदार परिवार वाले रेजिडेंट का रहना मुश्किल हुआ। प्रोव्यू टेक्नोसिटी अपार्टमेंट और निंबस सोसाइटी चाए 5 में हुक्काबार अय्याशी खुलेआम चल रही है। नोएडा पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिए।
नोएडा पुलिस को नहीं मिला नशे का सामान
इस ट्वीट के बाद नोएडा पुलिस ने बताए गए फ्लैट पर पहुंचकर जांच शुरू की। इस फ्लैट में रजीत यादव निवासी धनबाद (झारखंड) और शैलेंद्र यादव निवासी जींद (हरियाणा) जनवरी-2021 से किराए पर रहते हुए मिले। दोनों युवक इस फ्लैट में टिफिन सर्विस का काम करते हैं। फ्लैट की पुलिस ने तलाशी ली, लेकिन नशे से संबंधित कुछ नहीं मिला। उसके बाद नोएडा पुलिस ने ट्विटर अकाउंट की जांच शुरू की क्योंकि यह अकाउंट राष्ट्रपति की बेटी के नाम पर था और प्रोफाइल पर हर घर तिरंगा की तस्वीर लगी थी।