( ब्यूरो ,न्यूज़ 1 हिन्दुस्तान )
नई दिल्ली / जयपुर। राजस्थान में नए मुख्यमंत्री की घोषणा मंगलवार को हो सकती है। आज शाम चार बजे भाजपा विधायक दल की बैठक जयपुर स्थित प्रदेश मुख्यालय में होगी। विधायकों को सुबह ग्यारह बजे के बाद प्रदेश मुख्यालय बुलाया गया है।
बैठक में पर्यवेक्षक राजनाथ सिंह हिस्सा लेंगे। उनके साथ राज्यसभा सांसद सरोज पांडे और बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े भी पर्यवेक्षक टीम में शामिल हैं।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी का बयान
सभी नवनिर्वाचित विधायकों को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सी.पी. जोशी की ओर से बुलावा भेजा गया है। उन्होंने बताया कि दोपहर 1:30 बजे से भाजपा के सभी विधायकों का रजिस्ट्रेशन शुरू होगा। सभी विधायकों को अनिवार्य रूप से विधायक दल की बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले सात-आठ दिनों से नए मुख्यमंत्री के लिए पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, सी.पी. जोशी, केन्द्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, बाबा बालकनाथ, दीया कुमारी एवं डॉ किरोड़ी मीणा तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता ओम माथुर सहित कई नेताओं के नामों की चर्चा लोगों में चली कि इनमें से कोई अगला मुख्यमंत्री हो सकता है।
वहीं, भाजपा नेताओं का कहना है कि आलाकमान जो नाम तय करेगा, वही मुख्यमंत्री होगा। गौरतलब है कि राजस्थान में कुल 200 विधानसभा सीट हैं, जिनमें से 199 सीट पर 25 नवंबर को मतदान हुआ और तीन दिसंबर को नतीजे घोषित किए गए। इस चुनाव में भाजपा को 115 सीट और कांग्रेस को 69 सीट मिलीं।
विधायकों की बैठक में हो सकता है एलान
दोपहर एक बजे भोजन के बाद शाम चार बजे बैठक होगी। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, विनोद तावड़े और सरोज पांडे पर्यवेक्षक के रूप में बैठक में मौजूद रहेंगे। बैठक में सीएम के नाम का औपचारिक एलान हो सकता है। पार्टी ने सोमवार को सभी विधायकों को जयपुर पहुंचने के लिए कहा है।
उधर, सोमवार को कई विधायकों ने पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से मुलाकात की थी। छत्तीसगढ़ में आदिवासी, मध्यप्रदेश में ओबीसी वर्ग का सीएम बनने के बाद अब राजस्थान में सामान्य वर्ग का सीएम बनाए जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं। वहीं, राज्य में वसुंधरा राजे के साथ बालकनाथ योगी, गजेंद्र सिंह शेखावत, दीया कुमारी, अश्विनी वैष्णव के नाम सीएम पद की रेस में हैं।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का प्रस्तावित मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
- राजनाथ सिंह सुबह 10:30 बजे दिल्ली अकबर रोड से होंगे रवाना
- सुबह 11 बजे इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट दिल्ली से स्पेशल एयरक्राफ्ट से होंगे रवाना
- सुबह 11:45 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे राजनाथ सिंह और वहां से जाएंगे होटल ललित
- दोपहर 12:05 से 3:45 बजे तक होटल में BJP कार्यकर्ता व नेताओं के साथ करेंगे मुलाकात
- दोपहर 1:30 बजे से विधायकों का रजिस्ट्रेशन शुरू होगा
- दोपहर 3:45 बजे होटल ललित से रवाना होकर चार बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे राजनाथ सिंह
- शाम चार बजे से 6:30 बजे भाजपा विधायक दल की बैठक लेंगे
- शाम 6:30 बजे बीजेपी ऑफिस से रवाना होंगे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
- शाम सात बजे जयपुर हवाई अड्डे से विशेष विमान से वापस लौटने का कार्यक्रम
- राजनाथ सिंह का रात 8:15 बजे अपने आवास पर पहुंचना प्रस्तावित