( ब्यूरो ,न्यूज़ 1 हिन्दुस्तान )
देहरादून। आर्थिक तंगी के दौर से गुजर रहे उत्तराखण्ड परिवहन निगम को रक्षा बंधन पर हुई आय ने उसके पिछले सारे रिकार्ड तोड़ दिए है।
परिवहन निगम के लिए इस बार रक्षाबंधन ‘दिवाली’ की तरह रहा। अक्टूबर 2003 में उत्तराखंड परिवहन निगम बनने के बाद पिछले 19 साल का रिकार्ड तोड़ते हुए रोडवेज ने रक्षाबंधन पर दो करोड़ 62 लाख रुपये की कमाई हुई है।
आय का यह सबसे बड़ा रिकार्ड
रक्षाबंधन 2022 पर आय का यह सबसे बड़ा रिकार्ड है, जबकि बीते वर्ष दिवाली पर 2.65 करोड़ की आय अब तक की सर्वाधिक आय रही है। परिवहन निगम के महाप्रबंधक दीपक जैन ने कहा कि यह समस्त कार्मिकों की मेहनत का फल है।
त्योहारी सीजन परिवहन निगम के लिए हमेशा सुखद रहता है। हालांकि, कोरोना के कारण वर्ष 2020 में रक्षाबंधन पर परिवहन निगम एक करोड़ का आंकड़ा भी पार नहीं कर सका था, लेकिन वर्ष 2021 में निगम ने रक्षाबंधन व दिवाली के सीजन में आय के नए रिकार्ड बनाए। इस मर्तबा निगम ने पिछले वर्ष से भी ज्यादा आय की।
निगम का लाभ और अधिक हो सकता था, यदि सभी बसों का संचालन होता। रक्षाबंधन 2022 पर कुल 887 बसों का संचालन हुआ, जबकि कर्मचारियों के अवकाश या ड्यूटी पर नहीं आने की वजह से 106 बसें स्थगित करनी पड़ी। वहीं, इस दौरान तीनों मंडलों में दून अव्वल रहा। प्रबंधन ने रक्षाबंधन पर तीनों मंडलों को लक्ष्य दिए थे।
39 हजार बहनों ने लिया लाभ
रक्षाबंधन पर रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा का लाभ 39 हजार से ऊपर महिलाओं ने लिया। रोडवेज मुख्यालय के अनुसार अभी कुछ बसें जो लंबी दूरी पर गई हुई थीं, वह लौटी नहीं हैं। उनके लौटने पर यह आंकड़ा बढ़ सकता है।
महाप्रबंधक दीपक जैन के अनुसार सोमवार सुबह तक के टिकट रिकार्ड के अनुसार 38,842 बहनों ने बसों में मुफ्त यात्रा का लाभ लिया और इनके किराये की राशि 34 लाख 90 हजार रुपये रही।
जो बसें शुक्रवार रात तक लौटेंगी, उसमें यह आंकड़ा 40 हजार तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि किराये की राशि 35 लाख तक हो सकती है। डिपो वार रिकार्ड के साथ राज्य सरकार को प्रतिपूर्ति के लिए इसे भेजा जाएगा।

सुरक्षित रहें , स्वस्थ रहें।
Stay Safe , Stay Healthy
COVID मानदंडों का पालन करें जैसे मास्क पहनना, हाथ की स्वच्छता बनाए रखना और भीड़-भाड़ वाली जगहों से बचना आदि।