( ब्यूरो ,न्यूज़ 1 हिन्दुस्तान )
देहरादून। लॉक डाउन के दौरान जरूरतमंदों की सहायता के लिए प्रदेश भाजपा द्वारा चलाए जा रहे अभियान में अब तक 720,116 भोजन पैकेट वितरित किए गए हैं। इधर, भाजपा के प्रदेश महामंत्री ( संगठन ) अजेय ने राजपुर विधानसभा क्षेत्र में चल रही मोदी किचन का जायजा लिया और कार्यकर्ताओं से घर पर मास्क निर्मित कर वितरित करने और आरोग्य सेतु एप को डाउनलोड करने की अपील की है।प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी अजेंद्र अजय ने बताया कि लॉक डाउन के दौरान असहाय, गरीब व बुजुर्गों को किसी प्रकार की दिक्कतों का सामना ना करना पड़े, इसके लिए केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर प्रदेश भाजपा ने 28 मार्च से विशेष अभियान शुरू किया था। अभियान के दौरान शनिवार तक प्रदेश भर में जरूरतमंदों को 720,116 भोजन पैकेट वितरित किए गए।
66,116 लोगों को राशन व अन्य जरूरी सामग्री वितरित की गई। इस अभियान के दौरान 901,569 लोगों तक पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपनी पहुंच बनाई। विभिन्न स्थानों पर मोदी किचन व मोदी रसोई संचालित की जा रही हैं। पार्टी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मास्क व सैनिटाइजर भी वितरित कर रहे हैं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री केयर फंड में सहयोग के लिए भी लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। इधर, भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय द्वारा लगातार विभिन्न स्थानों पर संचालित मोदी किचन का जायजा लिया जा रहा है। अजेय ने वरिष्ठ विधायक खजान दास के साथ राजपुर विधान सभा क्षेत्र में चल रही मोदी किचन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पार्टी के स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं से किए गए पांच आग्रहों की चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर पर मास्क तैयार कर लोगों को वितरित करने की अपील की और साथ ही प्रधानमंत्री के आग्रह के अनुरूप अधिक से अधिक लोगों से फोन पर आरोग्य सेतु एप को डाउनलोड कराने को कहा। उन्होंने कहा कि यह एप कोरोना महामारी से लड़ने में महत्वपूर्ण साबित होगा।