( ब्यूरो ,न्यूज़ 1 हिन्दुस्तान )
हरिद्वार। खानपुर लक्सर हाईवे पर चेकिंग कर रही पुलिस टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। बदमाश पुलिस पर फायरिंग करते हुए खेतों में छुप गए। पुलिस ने कांबिंग अभियान चलाकर जवाबी फायरिंग की। इसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। उसे पकड़ लिया गया है। दूसरा बदमाश फरार है। घायल को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां एसएसपी अजय सिंह व एसपी देहात स्वप्न किशोर सिंह ने अस्पताल पहुंच घायल बदमाश से पूछताछ की।
बुधवार देर शाम को खानपुर थाने के गोवर्धनपुर पुलिस चौकी प्रभारी नवीन सिंह चौहान दो पुलिसकर्मियों के साथ खानपुर लक्सर हाईवे पर ब्राह्मणवाला गांव की पुलिया के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने एक बाइक सवार को रुकने का इशारा किया। वह बाइक मोड़कर पीछे भागने लगे। शक होने पर पुलिस टीम भी उनका पीछा किया। इसी दौरान उनकी बाइक फिसल गई। बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
गनीमत रही कि किसी भी पुलिसकर्मी को गोली नहीं लगी। इसके बाद बदमाश सड़क से थोड़ी दूरी पर गन्ने के खेत में घुस गए। पुलिस ने खानपुर थाने को सूचना दी। सूचना पर थाने से सशस्त्र पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और खेत में छिपे बदमाशों को घेर लिया। इसपर बदमाशों ने दोबारा से गोली चलानी शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने फायर किए। पुलिस की गोली पैर में लगने से एक बदमाश घायल होकर गिर पड़ा।जबकि दूसरा फरार होने में सफल हो गया।
पुलिस ने उसे हिरासत में लेने के बाद अस्पताल भिजवा दिया। बड़ी संख्या में पुलिस उसकी तलाश में खेतों में कांबिंग करती रही।
एसएसपी अजय सिंह का कहना है कि पकड़े गए बदमाश का नाम नीरज निवासी ककराला थाना भोपा जिला मुजफ्फरनगर है। उसके दूसरे साथी की भी गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है। आरोपी के पास से तमंचा बरामद हुआ है।
हत्या, डकैती के आठ मुकदमे हैं दर्ज
मुठभेड़ में पकड़ा गया बदमाश पेशेवर शातिर अपराधी है। पुलिस के अनुसार बदमाश क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए पहुंचा था। इसी दौरान पुलिस मुठभेड़ में हत्थे चढ़ गया। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि पुलिस मुठभेड में घायल बदमाश नीरज पुत्र धीर सिंह भोपा मुजफ्फरनगर का निवासी है तथा मर्डर, डकैती और मुठभेड़ के करीब 08 मुकदमों में आरोपी है।
सुरक्षित रहें , स्वस्थ रहें।
Stay Safe , Stay Healthy
COVID मानदंडों का पालन करें जैसे मास्क पहनना, हाथ की स्वच्छता बनाए रखना और भीड़-भाड़ वाली जगहों से बचना आदि।