
* मनुष्य को प्रभावित करने वाली शक्तियां यज्ञ की अग्नि व धुंए से ही समाप्त हो जाती हैं।
(ब्यूरो ,न्यूज़ 1 हिन्दुस्तान)
हरिद्वार। श्री ब्राह्मण सभा व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने महाराजा अग्रसेन घाट पर देश भर में फैल रहे कोरोना वायरस की संभावनाओं को लेकर हवन यज्ञ कर करोना वायरस की रोकथाम को लेकर पूजा अर्चना में हिस्सा लिया। पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि हवन यज्ञ की अग्नि से वातावरण शुद्ध होता है। मनुष्य को प्रभावित करने वाली शक्तियां यज्ञ की अग्नि व धुंए से ही समाप्त हो जाती हैं। उन्होंने मां गंगा से भारत देश वासियों की सुरक्षा व स्वास्थ्य लाभ की कामना की। पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को कोरोना वायरस को लेकर जागरूक रहना चाहिए। हवन यज्ञ व पूजा अर्चना करने से सभी कष्ट दूर हो जाते हैं।

समाजसेवी विशाल गर्ग ने कहा कि भारत सरकार गंभीरता से कोरोना वायरस को लेकर उपाय कर रही है। भ्रम व अफवाहों से सचेत रहने की आवश्यकता है। जागरूक नागरिक ही कोरोना वायरस की रोकथाम कर सकता है। महिलाओं व बच्चों को सुरक्षित रखने के उपायों की जानकारी समय समय पर देते रहें। कोरोना वायरस के फैलने की संभावनाओं के मद्देनजर लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों में जागरूकता फैलायी जा रही है। अपने आसपास के वातावरण को शुद्ध रखने के लिए सभी को सहयोग करना चाहिए। गंगा घाट पर किया गया यज्ञ अवश्य ही कोरोना वायरस की रोकथाम में कारगर सिद्ध होगा। पंडित विष्णु प्रसाद शास्त्री ने कहा कि देश की वर्तमान स्थिति को देखते हुए कोरोना वायरस के समूलतः नष्ट करने के लिए हवन यज्ञ किया गया है। मां गंगा सभी को स्वास्थ्य लाभ प्रदान करेगी।

इस अवसर पर हवन यज्ञ में भाग लेने वालों में कृष्ण प्रसाद शास्त्री, सचिन अरोड़ा, विनोद मिश्रा, सिद्धार्थ कौशिक, विश्वास सक्सेना, जेपी बड़ोनी, सुनील प्रजापति, सचिन अरोड़ा, नवीन चैहान, रूपेश वालिया आदि मौजूद रहे।