( ब्यूरो ,न्यूज़ 1 हिन्दुस्तान )
देहरादून। राजधानी दून समेत पूरे उत्तराखंड में मौसम ने करवट बदल ली है। प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में बादल मंडराने के साथ ही कई स्थानों पर वर्षा व ओलावृष्टि हुई। जिससे तापमान में भी मामूली गिरावट आई है। वहीं हवाएं चलने से सुबह-शाम ठिठुरन महसूस होने लगी है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, अगले कुछ दिन मौसम का मिजाज बदला रह सकता है।
उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की वर्षा-बर्फबारी के आसार हैं। जबकि, देहरादून और टिहरी में कहीं-कहीं बौछारें व ओलावृष्टि हो सकती है। कहीं-कहीं गरज के साथ बिजली चमक सकती है। इससे तापमान में मामूली की गिरावट आ सकती है। प्रदेश में लंबे समय से शुष्क मौसम बना हुआ था।
कमजोर पश्चिमी विक्षोभ है वजह
मानसून की विदाई के बाद से ही बदरा देवभूमि से रूठे हुए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह का कहना है कि मौसम का यह असामान्य मिजाज पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने और उत्तर भारत में समतापमंडल में हो रहे परिवर्तन के कारण देखने को मिला। अब मार्च के प्रथम सप्ताह में वर्षा और ओलावृष्टि की संभवाना बन रही है।
फरवरी में ही गर्मी का एहसास
वर्षा में कमी का असर बढ़ते तापमान के रूप में नजर आ रहा है और फरवरी में ही गर्मी का एहसास होने लगा है। बर्फबारी कम होने और समय से पहले तापमान बढ़ने से ज्यादातर चोटियां बर्फविहीन हो चुकी हैं।