(ब्यूरो ,न्यूज़ 1 हिन्दुस्तान )
हाथरस। हाथरस सादाबाद मार्ग पर संत फ्रांसिस स्कूल के निकट शुक्रवार देर रात करीब 1:30 बजे के लगभग एक डंपर ने गंगाजल लेकर जा रहे 7 कांवड़ियों को कुचल दिया। इनमें से 6 की मौके पर ही मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जाता है कि यह सभी गंगाजल लेकर हरिद्वार से ग्वालियर जा रहे थे । घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। गंभीर रूप से घायल दो कावड़ियों को उपचार के लिए आगरा भेजा गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही एडीजी आगरा जोन और आईजी अलीगढ़ मौके पर आ गए। बताया जाता है कि हादसे का शिकार सभी लगो बांगि खुर्द थाना उटीला जिला ग्वालियर मध्य प्रदेश के निवासी हैं।
घटना के बाद एक कांवडिया ने बताया, “हम ढाबे पर खाना खा रहे थे, तब एक ट्रक चालक ने ट्रक चढ़ा दिया। दुर्घटना में 7-8 लोग घायल हुए हैं और 4-5 लोगों की मृत्यु हुई है। यह लोग ग्वालियर जा रहे थे।” घटना की जानकारी हाथरस में आगरा जोन के अपर पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने दी है।
अपर पुलिस महानिदेशक ने बताया, “कांवडियों का एक जत्था हरिद्वार से ग्वालियर वापस जा रहा था। इस दौरान ये दुर्घटना आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर हुई है। दुर्घटना में सात कांवडियों की मृत्यु हुई है। वहीं घायलों में से एक की स्थिति नाजुक है। मामले में कार्रवाई की जा रही है। वाहन के बारे में जानकारी मिली है और बहुत जल्द आरोपी पकड़ा जाएगा।”
जिले में हुई घटना पर सीएम योगी ने शोक जताया है और उन्होंने ट्वीट कर #UPCM @myogiadityanath ने जनपद हाथरस में सड़क हादसे में हुई लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक प्रकट किया है।
मुख्यमंत्री ने दिवंगतों की आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
मृतकों में नरेश, पुत्र रामनाथ उमर, रमेश, पुत्र नत्था सिंह, रणवीर सिंह, पुत्र अमर सिंह,जबर सिंह, पुत्र सुल्तान सिंह शामिल है।