( ब्यूरो ,न्यूज़ 1 हिन्दुस्तान )
सीकर। राजस्थान के सीकर जिले के पाटन थाना क्षेत्र में मज़दूरी करने वाले युवक के साथ 4 लोगो द्वारा कुकर्म करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि चारों ने 8 घंटे तक बारी-बारी से उसके साथ कुकर्म किया। इसके बाद उसे बंदूक दिखाकर पानी में डुबाकर मारने की तैयारी भी कर ली। बड़ी मुश्किल से वह बदमाशों के चंगुल से निकलकर घर पहुंचा। दो दिन तक दहशत में रहने के बाद युवक ने बुधवार को पुलिस थाने में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
लिफ्ट के बहाने ले गया बदमाश, दोस्तों के साथ बनाया शिकार
पाटन थाने में दर्ज रिपोर्ट में पीडि़त ने बताया- वह एक ढाणी का रहने वाला है। मजदूरी का काम करता है। 10 जुलाई को शाम को जब वह मजदूरी का काम कर वापस घर तरफ लौट रहा था तो रास्ते में शराब के ठेके पर उसे एक व्यक्ति मिला। उसे लिफ्ट देने के बहाने बाइक पर बिठा लिया। उसका घर आने पर भी उसने उसे बाइक से नहीं उतारा। वह उसे जबरदस्ती आगे ले गया। जहां उसके तीन दोस्त पहले से मौजूद थे। सभी शराब पी रहे थे। घर जाने की बात कही तो एक बदमाश ने मारपीट करते हुए उसे पास बिठा लिया। इसके बाद चारों ने शाम सात बजे से देर रात तीन बजे तक उसके साथ बारी-बारी से कुकर्म किया।
बंदूक दिखाकर दी धमकी, पानी में डुबाने की तैयारी
आरोप है कि अल सुबह जब आरोपी वहां से जाने लगे तब भी उन्होंने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। बंदूक दिखाकर भी डराया। वह बुरी तरह डर गया। उसने रिपोर्ट में बताया कि आरोपियों में से एक ने उसे पानी की खान में डुबाकर मारने की बात भी कही। बड़ी मुश्किल से हाथ पांव जोड़कर चकमा देते हुए वह उनके चंगुल से बचकर घर पहुंचा।
नामजद रिपोर्ट दर्ज
पीडित ने मामले में नामजद रिपोर्ट दी है। वह चारों आरोपियों को शक्ल से पहचानता है। आरोपी दयाल का नांगल के मनजीत गोदारा उर्फ मनिया व उत्तम गोदारा तथा उसके दो अन्य दोस्त थे। जिन्होंने वारदात को अंजाम दिया। पीडित ने चारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

सुरक्षित रहें , स्वस्थ रहें
Stay Safe , Stay Healthy
COVID मानदंडों का पालन करें जैसे मास्क पहनना, हाथ की स्वच्छता बनाए रखना और भीड़-भाड़ वाली जगहों से बचना आदि।