( ब्यूरो ,न्यूज़ 1 हिन्दुस्तान )
रुड़की। एक कहावत है ,प्यार में सब कुछ जायज है। जी हाँ ,प्यार के चक्कर में एक लड़का ऐसा फंसा कि अब पुलिस पड़ी है उसके पीछे। यह वाक्या हरिद्वार जिले के रुड़की का है। जहां गर्लफ्रेंड की फरमाइश पूरी करने के चक्कर में एक लड़का पुलिस के फेर में पड़ गया। बताया जाता है कि गर्लफ्रेंड ने लड़के से तमंचा दिखाने की गुजारिश की थी।
जिस लड़के ने चांद-तारे तोड़कर लाने का वादा किया था, वो भला गर्लफ्रेंड की फरमाइश कैसे पूरी नहीं करता। लड़के ने जैसे-तैसे तमंचे का जुगाड़ किया और बाइक पर सवार होकर प्रेमिका से मिलने चल पड़ा, हालांकि प्रेमिका तमंचे के दर्शन कर पाती उससे पहले ही पुलिस ने लड़के को पकड़ लिया। पुलिस ने युवक से तमंचा रखकर घूमने की वजह पूछी तो उसने जो कहानी सुनाई, उसे सुनकर पुलिसवालों ने भी सिर पकड़ लिया।हुआ यूँ कि रुड़की में बीती शाम पुलिस सलेमपुर रोड पर चेकिंग कर रही थी।
इस बीच पुलिस को एक युवक बाइक से आता दिखाई दिया। पुलिस को देख लड़का डर गया और रास्ते से वापस लौटने लगा। पुलिसकर्मियों की उसकी हरकतों पर शक हुआ और उन्होंने लड़के को फॉलो करना शुरू कर दिया। कुछ देर बाद युवक को पकड़ लिया गया। तलाशी हुई तो युवक के पास से एक तमंचा मिला। पुलिस ने तमंचे के बारे में पूछा तो युवक ने बताया कि सुनहरा गांव में उसकी गर्लफ्रेंड रहती है। वो तमंचा देखने की जिद पर अड़ी थी। लड़के ने उसे कई बार समझाया, टालने की कोशिश भी की, लेकिन गर्लफ्रेंड मानी नहीं। जिस पर युवक तमंचा लेकर उसे दिखाने के लिए जा रहा था। बहरहाल पुलिस ने युवक की बाइक सीज कर दी है। पूछताछ के बाद आरोपी का चालान भी किया गया।