( ब्यूरो ,न्यूज़ 1 हिन्दुस्तान )
नई दिल्ली। देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और कई राज्यों में अभी तक दस्तक दे चुका है। मौसम विभाग के मुताबिक बढ़ते मानसून के कारण मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, झारखंड, राजस्थान जैसे राज्यों में प्री-मानसून गतिविधि शुरू हो गई है। इस कारण से तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है, वहीं IMD के मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 24 से 48 घंटे के अंदर देश में लू का असर पूरी तरह से खत्म हो जाएगा। इसके अलावा राजस्थान के बाड़मेर जिले में भारी बारिश हुई है और तेज बारिश कारण कारण यहां निचले इलाकों में पानी भर गया है। भारी बारिश के कारण शहर की गलियों में पानी भर गया था और पानी का बहाव भी काफी तेज था।
मौसम विभाग ने बताया है कि बीते 24 घंटों के दौरान, सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, केरल के कुछ हिस्सों, तटीय कर्नाटक और दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ को छह स्थानों पर भारी बारिश हुई। इसके अलावा मानसूनी हवाओं के कारण पूर्वोत्तर भारत, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, रायलसीमा, तेलंगाना के कुछ हिस्सों, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, दक्षिण गुजरात और दक्षिणी मध्य प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है।
बिहार में मानसून ने दी दस्तक
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण पश्चिम मानसून बिहार में प्रवेश कर चुका है। बिहार के अलावा तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड में भी इसका असर दिखेगा। उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्से भीषण गर्मी की स्थिति का सामना कर रहे हैं, लेकिन आज यहां भी तापमान में गिरावट आएगी।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण भी बारिश
IMD ने कहा कि लगातार पश्चिमी विक्षोभ और निम्न स्तर की पूर्वी हवाओं के प्रभाव में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और आसपास के मैदानी इलाकों (पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान) में 15 जून तक छिटपुट बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है। 16 जून और 17 जून को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अनुमान है।
इन राज्यों में आज हो सकती है बारिश
मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों, दक्षिण पूर्व राजस्थान, पूर्वी गुजरात, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश बारिश की उम्मीद जताई है। पश्चिमी हिमालय, पंजाब के कुछ हिस्सों, सौराष्ट्र और कच्छ, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और बिहार, गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, विदर्भ और पूर्वी मध्य प्रदेश में एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।