( ब्यूरो ,न्यूज़ 1 हिन्दुस्तान )
देहरादून। उत्तराखंड में शुष्क मौसम के बीच पारा तेजी से चढ़ रहा है। पहाड़ से लेकर मैदान तक सूरज के तेवर तल्ख हैं, जिससे भीषण गर्मी महसूस की जा रही है। अगले कुछ दिन मैदान में पारा और उछल सकता है। हालांकि, पर्वतीय क्षेत्रों में 15 अप्रैल से फौरी राहत के आसार हैं।
तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले दो दिन ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने के साथ ही तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। जबकि, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में वर्षा के आसार हैं। 17 अप्रैल को प्रदेश में कहीं-कहीं गर्जन के साथ बौछारें और आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी जारी की गई है।
दोपहर में घर से बाहर निकलना दूभर
बीते चार दिन के भीतर दून समेत ज्यादातर मैदानी क्षेत्र में तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस से अधिक वृद्धि दर्ज की जा चुकी है। चटख धूप खिलने से तपिश बढ़ गई है। खासकर मैदानी क्षेत्रों में दोपहर में घर से बाहर निकलना दूभर होने लगा है। कई जगह गर्म हवा के थपेड़े भी बेहाल कर रहे हैं।
दून में बीते दो दिन से अधिकतम पारा 35 डिग्री सेल्सियस से अधिक बना हुआ है। जो कि सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार फिलहाल मैदानी क्षेत्रों में गर्मी की मार जारी रहने की आशंका है। अगले कुछ दिन तापमान में और वृद्धि होने के आसार हैं। जबकि, पहाड़ों में हल्की वर्षा राहत दे सकती है।
सड़कों पर चलने वाले लोग पस्त
रुड़की में मौसम का मिजाज गर्म होता जा रहा है। शिक्षानगरी में गुरुवार सहित आज शुक्रवार को दिनभर तीखी धूप खिली रही। वहीं दिन में गर्म हवा भी चली। ऐसे में लोगों को गर्मी का अहसास हुआ। शहर और आसपास के क्षेत्रों में मौसम में काफी बदलाव आ गया है। सुबह से ही तेज धूप खिल रही है। वहीं दिन चढ़ने के साथ-साथ तीखी धूप लोगों को चुभने लगी है। अभी भी दिनभर आसमान में तेज धूप खिली रही। जबकि दिन के वक्त गर्म हवा भी चली।
ऐसे में सड़कों पर चलने वाले लोग पस्त हो गए। वहीं गर्मी बढ़ने पर घरों एवं दफ्तरों में पंखों की रफ्तार तेज होने लगी है। साथ ही पेय पदार्थों की मांग भी शुरू हो गई है। गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जोकि सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
जबकि न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के जल संसाधन विकास एवं प्रबंधन विभाग में संचालित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा परियोजना से मिली जानकारी के अनुसार अगले तीन-चार दिन मौसम साफ रहेगा। ऐसे में तापमान में और बढ़ोतरी का अनुमान है।